दरभंगा (नासिर हुसैन)। केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने आज यहां मखाना फूड्स प्राइवेट लिमिटेड स्थित मखाना प्रोसेसिंग यूनिट का निरीक्षण किया और मखाना किसानों से फीडबैक लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से 70 मशीनें विभिन्न स्थानों पर दी गई हैं। गिरिराज ने कहा कि केंद्रीय बजट में जब से मखाना बोर्ड बनाने की बात सामने आई है, मखाना कृषकों और इससे संबंधित व्यापारी काफी खुश हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के मंत्री भी यहां आकर मखाना किसानों को इसकी खेती में हो रही परेशानियों के समाधान में लगे हैं।
केंद्रीय वस्त्र मंत्री ने मखाना प्रोसेसिंग यूनिट का निरीक्षण किया, उसके बाद मखाना किसानों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं से रूबरू हुए। साथ ही, उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इनके समाधान के लिए जरूरी निर्देश दिए। मखाना प्रोसेसिंग यूनिट के निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मखाने को फोड़ने से लेकर उसे तैयार होते हुए देखा। उन्होंने कहा कि मखाना की 90 प्रतिशत खेती बिहार में की जाती है। इसीलिए, प्रधानमंत्री ने मखाना बोर्ड के गठन की स्वीकृति दी है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मखाना अनुसंधान केंद्र में खुद तालाब में उतरकर मखाना की खेती को काफी नजदीक से देख कर बारीकियों को समझा है। मखाना किसानों के लिए इंटरक्रॉपिंग की व्यवस्था की जा रही है, जिससे किसानों की आय में बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा कि दरभंगा के जिलाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि किसानों और अधिकारियों के साथ बैठक करें, जिससे मखाना किसानों की परेशानियों का समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस वर्ष मखाना की खेती एक हजार एकड़ बढ़ी है। उन्हें उम्मीद है कि आनेवाले दिनों यह और बढ़ेगी।
अब यह भारत के लिए ‘सुपर फूड’ बन चुका है। आनेवाले समय में मखाना किसानों की स्थिति और सुदृढ होगी।