डेस्क: यूपी (UP ) के बांदा (Banda) से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां शुक्रवार को नलकूप (Tubewell) के कुएं में खराब मोटर (Faulty motor) ठीक करने उतरे दो युवकों की जहरीली गैस (Poisonous Gas) के चपेट में आने से मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने रेस्क्यू कर करीब 15 फीट गहरे कुएं से बाहर निकाला। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। उधर, इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
ये घटना बिसंडा थाना क्षेत्र के अजीतपारा का है। जहां शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे शिवनारायण सिंह के खेत में लगे निजी नलकूप में मोटर का पंखा खराब हो गया था। गांव का ही बटाईदार 40 वर्षीय लालू मोटर ठीक करने कुएं में उतरा। करीब 15 फीट नीचे बने बोर के चैंबर के पास पहुंचा, तभी कुएं में बनी जहरीली गैस की चपेट में आने से वह वहीं बेहोश होकर गिर गया। कुएं के बाहर खड़े नलकूप मालिक के बेटे 45 वर्षीय कृष्ण कुमार त्रिपाठी ने आवाज लगाई। कोई आहट न मिलने पर वह भी उतर गया। जहरीली गैस की चपेट में आकर कृष्ण कुमार भी बेहोश होकर गिर गया।
दोनों किसानों की जहरीली गैस से मौत
काफी देर तक दोनों के नजर न आने पर ग्रामीणों ने देखा तो वे कुएं में बेहोश पड़े थे। तत्काल जानकारी परिजनों व पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू शुरू किया। ऑक्सीजन गैस के साथ एक अन्य किसान को कुएं में उतारा गया फिर बेहोश पड़े दोनों किसानों को बाहर निकला गया। पुलिस आनन-फानन में एंबुलेंस से दोनों को पीएचसी बिसंडा ले गई। जहां डॉक्टर ने लालू को मृत घोषित कर दिया और कृष्ण कुमार की गंभीर हालत देख रानी दुर्गावती मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। लेकिन वहां इलाज के दौरान कृष्ण कुमार ने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शवों के पोस्टमार्टम के लिए भेजा
इस मामले में बिसंडा थाना प्रभारी सीपी तिवारी ने बताया कि कुएं में जहरीली गैस की चपेट में आने से दो लोगेों की मौत हुई है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं बबेरू क्षेत्र के सीओ कृष्ण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद लालू को मृत घोषित कर दिया। बाद में खेत मालिक कृष्ण कुमार की मौत इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में हो गई। दोनों किसानों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

