राष्ट्रीय

रुड़की-कलियर कांवड़ मार्ग पर दर्दनाक हादसा, 4 बाइक आपस में भिड़ीं; 3 युवकों की मौत, 6 घायल

डेस्क: उत्तराखंड के रुड़की-कलियर कांवड़ मार्ग (Roorkee-Kaliyar Kanwar Route) पर शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसे  (Road accidents) में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। हादसा रुड़की और बाजूहेड़ी (Bajuhedi) के बीच कांवड़ पटरी मार्ग पर हुआ, जहां एक के बाद एक चार बाइक आपस में टकरा गईं। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पहले दो बाइक भिड़ीं, फिर दो और चपेट में आईं
जानकारी के मुताबिक, रात में रुड़की और बाजूहेड़ी के बीच दो बाइक आमने-सामने से आ रही थीं। इसी दौरान दोनों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। तभी पीछे से आ रही दो अन्य बाइक भी दुर्घटनाग्रस्त बाइक और सड़क पर पड़े लोगों से जा भिड़ीं।
कुछ ही पलों में चार बाइक हादसे का शिकार हो गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि सभी वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और सड़क पर कई युवक घायल अवस्था में पड़े मिले।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों की मदद शुरू की। सूचना मिलते ही कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी और रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली की पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। छह घायलों का उपचार जारी है, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस
तीन युवकों की मौत के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान कराने के साथ उनके परिजनों को सूचना देने में जुटी है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि चारों बाइक की भिड़ंत किन परिस्थितियों में हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *