डेस्क : महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. एक लड़का आत्महत्या के मकसद से पहाड़ी से नीचे कूद गया. उसे बचाने की कोशिश में उसके पिता भी नीचे गिर गए. बेटे और पति को नीचे गिरता देख सदमे से मां ने भी कूदकर जान दे दी. एक ही झटके में पूरा परिवार खत्म हो गया.आत्महत्या करने की कोशिश कर रहे बेटे को बचाने के चक्कर में माता-पिता की भी मौत हो गई.
परिवार देवलाई इलाके का रहने वाला था और शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे पहाड़ी के पास पहुंचा था। युवक कथित तौर पर आत्महत्या करने की जिद पर अड़ा हुआ था। मौके पर मौजूद परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने उसे करीब तीन घंटे तक समझाने की कोशिश की। लोगों ने उसे उसके भविष्य और माता-पिता के बारे में सोचने की अपील की, लेकिन वह अपनी जिद से पीछे नहीं हटा। बताया जा रहा है कि युवक बार-बार कह रहा था कि उसे अपनी जान देनी है।
काफी देर तक समझाने के बावजूद जब युवक नहीं माना तो उसने अचानक पहाड़ी से छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वे उसे बचा नहीं सके। युवक के पहाड़ी से नीचे गिरने के बाद स्थिति और भी भयावह हो गई।
युवक को गिरता देखकर उसके पिता भी उसे बचाने के लिए पहाड़ी के किनारे पहुंचे। बताया जा रहा है कि उन्होंने बेटे को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों नीचे गिर गए। मौके पर मौजूद लोग इस घटना को रोकने के लिए लगातार आवाज लगाते रहे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
अपने पति और बेटे को पहाड़ी से नीचे गिरते देखकर मां भी सदमे में आ गईं। इसके बाद उन्होंने भी कथित तौर पर पहाड़ी से छलांग लगा दी। इस तरह कुछ ही पलों में परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया।
फिलहाल युवक के आत्मघाती कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिवार तथा घटना से जुड़े लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। घटना से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग युवक को समझाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। वहीं एक अन्य कथित वीडियो में घटना के दौरान तीन लोगों के पहाड़ी से नीचे गिरने का दृश्य बताया जा रहा है।

