खेल

स्वतंत्रता दिवस पर टीम इंडिया की शानदार जीत, हॉकी वर्ल्ड कप में वेल्स को 3-1 से रौंदा, कप्तान का बेहतरीन प्रदर्शन

डेस्क: भारत (India) के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भारतीय हॉकी टीम (Indian Hockey Team) ने देशवासियों को शानदार जीत का तोहफा दिया। पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप (Men’s Hockey World Cup) में अपने अभियान की शुरुआत करते हुए भारत ने वेल्स को 3-1 से हराकर विजयी आगाज किया। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागे। अब भारतीय टीम का अगला मुकाबला 17 अगस्त को इंग्लैंड से होगा।

मैच की शुरुआत में वेल्स ने आक्रामक खेल दिखाते हुए भारत पर दबाव बनाया। प्रिटचार्ड ने कई अच्छे मौके बनाए, लेकिन भारतीय गोलकीपर सूरज करकरा ने शानदार बचाव करते हुए वेल्स को शुरुआती बढ़त लेने से रोक दिया।
पेनल्टी कॉर्नर से भारत ने बनाई बढ़त
भारत ने धीरे-धीरे मैच पर पकड़ बनानी शुरू की। सुनील ने पेनल्टी कॉर्नर को ड्रैग-फ्लिक में बदलकर भारत का पहला गोल किया। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने संजय के साथ बेहतरीन तालमेल दिखाया और पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार ड्रैग-फ्लिक के जरिए दूसरा गोल दाग दिया। भारत ने 2-0 की बढ़त हासिल कर ली।

शिलानंद लाकड़ा हुए चोटिल
पहले क्वार्टर में भारत का दबदबा रहा। हार्दिक सिंह की तेज रफ्तार और जर्मनप्रीत सिंह के ऑलराउंड खेल ने वेल्स के डिफेंस पर दबाव बनाए रखा। इसी दौरान भारतीय फॉरवर्ड शिलानंद लाकड़ा चोटिल हो गए। मैदान पर खून दिखाई देने के बाद खेल कुछ देर रोका गया। प्राथमिक उपचार के बाद शिलानंद डगआउट लौट आए।
हरमनप्रीत ने दागा तीसरा गोल
दूसरे क्वार्टर में वेल्स ने वापसी की कोशिश की। प्रिटचार्ड का शॉट गोलपोस्ट के पोल से टकराकर बाहर निकल गया। भारत की ओर से अभिषेक के पास भी गोल करने का मौका आया, लेकिन वह सफल नहीं रहे। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने जिम्मेदारी संभाली और तीसरा गोल दागकर भारत की बढ़त 3-0 कर दी।
पेनल्टी स्ट्रोक से वेल्स ने खोला खाता
वेल्स को वापसी का मौका तब मिला, जब गलत स्टिक टैकल के बाद अंपायर ने टीवी रिव्यू लिया और वेल्स को पेनल्टी स्ट्रोक दिया। भारतीय गोलकीपर मोहित एचएस ने गेंद रोकने की पूरी कोशिश की, लेकिन गेंद गोल लाइन पार कर चुकी थी। टीवी अंपायर के रीप्ले में इसकी पुष्टि के बाद सैम ने वेल्स के लिए गोल किया।
इसके बाद भारत ने वेल्स को कोई और मौका नहीं दिया और मुकाबला 3-1 से अपने नाम कर लिया। जीत के साथ भारत ने वर्ल्ड कप अभियान की शानदार शुरुआत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *