उत्तर प्रदेश

खौफनाक हादसे से दहला मथुरा, कार के ट्रक से टकराने पर चार लोगों ने गंवाई जान, 5 घायल

डेस्क: यहां राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर सोमवार की सुबह एक तेज रफ्तार कार के एक ट्रक से टकराने से दो महिलाओं और दो बच्चों समेत पांच लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि चैतकारा क्षेत्र में श्री राम धर्मकांटा के पास सुबह करीब साढ़े सात बजे यह दुर्घटना उस समय घटी जब मध्य प्रदेश के रजिस्ट्रेशन नंबर की एक कार अनियंत्रित होकर एक ट्रक से पिछले हिस्से से टकरा गई। मृतकों की पहचान रुद्र (4) पुत्र देवाशीष, कान्हा (10) पुत्र सुनील शर्मा, रूबी (32) पत्नी सुनील और ज्योति (30) के रूप में हुई है। ये मध्य प्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले थे और ग्वालियर से यात्रा कर रहे थे। इस कार में चार बच्चों समेत नौ लोग सवार थे। कुमार ने कहा कि प्रारंभिक जांच के मुताबिक, ड्राइवर ने गोवर्धन और बरसाना की परिक्रमा लगाई थी और कम सोने की वजह से संभवतः उसे झपकी आ गई जिसकी वजह से यह दुर्घटना घटी।

दुर्घटना में घायल पांच लोगों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां दो व्यक्तियों- पलक (4) और गिरिजा देवी (25) की हालत गंभीर बताई जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और इस घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी है। जिला मजिस्ट्रेट चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना का संज्ञान लिया है और मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत उपलब्ध करायी जाएगी। सिंह ने कहा कि सरकार घायलों के इलाज का खर्च वहन करेगी। उन्होंने कहा कि हम घायलों का सर्वोत्तम इलाज सुनिश्चित कर रहे हैं। जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि जिला प्रशासन जाड़े के मौसम से पूर्व राष्ट्रीय राजमार्ग 19, यमुना एक्सप्रेसवे और बरेली एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा उपायों को मजबूत कर रहा है। जैत थाना प्रभारी शिव प्रसाद सिंह ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *