उत्तर प्रदेश

आंवला तोड़ने को लेकर विवाद, दो पक्षों के बीच मारपीट; एक व्यक्ति को गोली मारी

डेस्क: कौशाम्बी जिले के करारी थाना क्षेत्र में आंवले के बाग में दो पक्षों के बीच मारपीट तथा गोली चलने की घटना में एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। क्षेत्राधिकारी (चायल) शिवांक सिंह ने बताया कि घटना रविवार देर रात बैशकांटी गांव की है।
चरवा थाना क्षेत्र निवासी सुरेश कुमार अपने दो साथियों कुल्लू लाल और अंकित कुमार के साथ गांव के विनोद सिंह के आंवले की बाग की रखवाली कर रहा था। उन्होंने बताया कि इसी दौरान गांव के बंटोली, सत्यम, दिनेश और सुभाष बाग में पहुंचे और आंवले तोड़ने का प्रयास करने लगे। सुरेश कुमार ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और तमंचे से गोली चला दी। गोली सुरेश के दाहिने कूल्हे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने बताया कि मामले में चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है और तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *