राष्ट्रीय

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के इंस्टाग्राम पेज पर लगा ताला, स्वतंत्रता दिवस पर भड़के अभिजीत दीपके

डेस्क: ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज के बंद होने का दावा पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके (Abhijit Deepke) ने किया है। स्वतंत्रता दिवस की सुबह दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी और पेज हटाए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने इंस्टाग्राम पेज को ब्लॉक करने वालों पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘डरपोक’ तक कह दिया।
अभिजीत दीपके ने शेयर की तस्वीर
अभिजीत दीपके ने एक्स पर पोस्ट के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल हटा दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, “उन्होंने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल हटा दिया। कितने बड़े डरपोक हैं!”
यह पोस्ट स्वतंत्रता दिवस की सुबह सामने आई। हालांकि, इंस्टाग्राम की ओर से पेज के कथित तौर पर हटाए जाने को लेकर किसी आधिकारिक कारण की जानकारी सामने नहीं आई है।

स्वतंत्रता दिवस पर लाठीचार्ज की तस्वीर की चर्चा
इससे पहले अभिजीत दीपके ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देने के लिए एक तस्वीर पोस्ट की थी। इसमें नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की तस्वीर थी।

तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, “स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं। इस तस्वीर हमारे लिए एक रिमाइंडर है कि हमें अभी भी बहुत लंबा सफर तय करना है।”

CJI सूर्यकांत के बयान के बाद बनाई थी CJP
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की शुरुआत अभिजीत दीपके ने सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सीजेआई सूर्यकांत के एक बयान के बाद विरोध के तौर पर की थी। इसके बाद CJP के नाम से एक्स और इंस्टाग्राम पर सोशल मीडिया पेज बनाए गए, जिन्हें कथित तौर पर बड़ी संख्या में लोगों ने फॉलो किया।
अभिजीत दीपके बाद में अमेरिका से भारत लौटे और CJP के बैनर तले नीट पेपर लीक समेत शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन शुरू किया। उनके आह्वान पर जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में लोगों ने धरना दिया था।
गांव से शुरू होगा ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान
नीट पेपर लीक के विरोध के बाद अब CJP ने सरकारी स्कूलों की स्थिति और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को उठाने की तैयारी की है। अभिजीत दीपके ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में स्थित उनके गांव से ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान शुरू किया जाएगा।
इस अभियान का मकसद ग्रामीण सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने के साथ जवाबदेही तय करना है।
दिल्ली से लौटने के बाद पत्रकारों से बातचीत में दीपके ने कहा कि वह अपने गांव से अभियान की शुरुआत करेंगे। उन्होंने बताया कि स्थानीय सरपंच से सरकारी स्कूल की मरम्मत कराने और वहां बेंच, पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध किया जाएगा।
दीपके के मुताबिक, अभियान के तहत कई टीमें बनाई गई हैं, जो अलग-अलग गांवों में जाकर स्थानीय लोगों और सरपंचों से सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए कदम उठाने की अपील करेंगी। उनका कहना है कि इस अभियान को लोगों की भागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *