राष्ट्रीय

सेमीकंडक्टर से आत्मनिर्भरता तक: लाल किले से PM मोदी ने गिनाईं भारत की बड़ी उपलब्धियां

डेस्क: भारत (India) आज आजादी की 80वीं वर्षगांठ मना रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi)  लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित कर रहे हैं. अपने भाषण में पीएम मोदी ने आत्मनिर्भर भारत (Self-Reliant India) पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि भारत अब दूसरे देशों पर निर्भर नहीं है और तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है.

पीएम मोदी ने अपने भाषण में पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियां भी गिनाईं. उन्होंने कहा कि भारत जिस तेजी से आगे बढ़ रहा है, उसे देखते हुए 140 करोड़ भारतीयों की ताकत को रोकना नामुमकिन है.

डिफेंस प्रोडक्शन 4 गुना बढ़ा
पीएम मोदी ने अपने भाषण में बताया कि डिफेंस प्रोडक्शन करीब 4 गुना बढ़ा है. खादी और ग्रामोद्योग का उत्पादन करीब 5 गुना बढ़ा है. इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग 7 गुना बढ़ी है. आधुनिक रेलवे कोच का निर्माण 21 गुना बढ़ा है. मोबाइल फोन का उत्पादन 33 गुना बढ़ा है.
प्रधानमंत्री मोदी ने सेमीकंडक्टर चिप्स की जरूरत पर भी जोर दिया. उन्होंने साफ कहा कि आज के डिजिटल और टेक्नोलॉजी के दौर में सेमीकंडक्टर चिप्स बहुत ही जरूरी है. इलेक्ट्रॉनिक सामान, मेडिकल उपकरण और ट्रांसपोर्ट सिस्टम, हर जगह आज इनका इस्तेमाल किया जा रहा है. इनके बिना आज कोई भी जरूरी काम नहीं हो पाता. पीएम मोदी ने बताया कि भारत अब इस क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. देश में तीन बड़े सेमीकंडक्टर प्लांट लगाए जा चुके हैं और इनमें एक्सपोर्ट के लिए उत्पादन भी शुरू हो गया है. आने वाले 7-8 सालों में 5 से 8 नए सेमीकंडक्टर प्लांट पर भी काम शुरू होने की उम्मीद है.

शक्ति की ‘सप्तधारा’ का किया आह्वान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए ‘शक्ति की सप्तधारा’ का आह्वान किया. उन्होंने मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को मजबूत करने पर जोर दिया. पीएम मोदी ने कहा कि भारत को छोटे-छोटे पुर्जों से लेकर बड़े और जटिल उत्पाद तक खुद बनाने होंगे. डिजाइन से लेकर मैन्युफैक्चरिंग तक पूरी वैल्यू चेन भारत में तैयार करनी होगी.
पीएम मोदी ने कहा कि भारत को ग्लोबल सप्लाई चेन का भरोसेमंद केंद्र बनना है. इसके लिए मैन्युफैक्चरिंग में कॉस्ट, क्वालिटी और स्केल के वैश्विक मानकों पर खरा उतरना होगा.
मेक इन इंडिया पर दिया जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में कहा कि आज हर भारतीय ‘मेक इन इंडिया’, ‘स्वदेशी’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसी पहलों से जुड़ रहा है. पीएम मोदी ने अपने भाषण में देश को बड़े सपनों की ओर बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया. उन्होंने कहा कि हमें अपनी सोच को विस्तार देना होगा. उन्होंने कहा कि जब संकल्प दृढ़ होता है तो कठिनाइयों, आपदाओं के बीच से रास्ते पर निकलने का सामर्थ्य अपने आप आता है. उन्होंने कहा कि हमारे संकल्प और सपने दोनों ऊंचे होने चाहिए.

पिछले कुछ दिनों में देश के कुछ हिस्सों में आई बाढ़ का भी पीएम मोदी ने जिक्र किया. उन्होंने कहा कि कुछ दिनों में देश के कई हिस्सों में आई बाढ़ से कई लोग प्रभावित हुए हैं. प्रधानमंत्री ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि देश उनके साथ खड़ा है.
दुनिया ने ग्लोबलाइजेशन शब्द का इस्तेमाल ही बंद कर दिया: PM मोदी
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में आत्मनिर्भरता की जोर देते हुए यह भी कहा कि पिछले वर्षों में दुनिया ने ग्लोबलाइजेशन शब्द का इस्तेमाल करना भी बंद कर दिया है. प्रधानमंत्री ने कहा कि जहां से ग्लोबलाइजेशन की आवाजें आती थीं, अब वो आवाजें सुनाई नहीं देती है, लेकिन दुर्भाग्य से इस संकट के कालखंड में कुछ लोगों ने अपना रुतबा दिखाने के लिए संसाधनों को वेपनाइज्ड करने का खेल खेला है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया अपने पास जो कुछ भी है उसे वेपनाइज्ड करने में लगी है. संसाधनों का वेपनाइज्ड, पेट्रोल, डीजल, खाद, दवाईयां, इतना ही नहीं भूभाग को भी वेपनाइज्ड किया जा रहा है. ऐसे समय अगर हम आत्मनिर्भर के मंत्र को लेकर 10 साल सही दिशा में न चले होते तो हम ऐसी चुनौतियों का मजबूती से सामना कैसे करते.
लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं के लिए बड़ी घोषणाएं कीं. पीएम मोदी ने कहा कि एक साल में 1 करोड़ युवाओं को एआई (AI) स्किल्स की ट्रेनिंग दी जाएगी. इसके साथ ही छात्रों के लिए ऑनलाइन कोचिंग व्यवस्था की शुरुआत भी की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *