एक सप्ताह के भीतर कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश, उद्घाटन करवाकर जनता को समर्पित किए जाएंगे विकास कार्य
करनाल, 14 अगस्त। उपायुक्त करनाल डॉ आनंद शर्मा ने शुक्रवार को करनाल स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा करवाए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों को आगामी एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करवाना सुनिश्चित करें, ताकि इनका उद्घाटन करवाकर करनाल की जनता को समर्पित किया जा सके।

उपायुक्त ने उधम सिंह पार्क, सेक्टर-9 में पौधरोपण एवं सौन्दर्यीकरण के कार्य का निरीक्षण किया। इस कार्य पर लगभग 1.20 करोड़ रुपये की लागत आएगी तथा यह कार्य वन विभाग द्वारा करवाया जा रहा है।
इसी प्रकार सेक्टर-32 में सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया, जिसकी अनुमानित लागत 7.24 करोड़ रुपये है। यह कार्य HSVP विभाग द्वारा करवाया जा रहा है। सेक्टर-33 में सामुदायिक भवन एवं बैडमिंटन हॉल के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। इस परियोजना पर लगभग 10.10 करोड़ रुपये की लागत आएगी तथा इसका निर्माण कार्य HSVP विभाग द्वारा करवाया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त शक्ति कॉलोनी में बनाए जा रहे ऑब्जर्वेशन सेंटर के निर्माण कार्य का भी जायजा लिया गया। इस परियोजना की अनुमानित लागत 4.25 करोड़ रुपये है और इसका कार्य करनाल स्मार्ट सिटी लिमिटेड (KSCL) द्वारा करवाया जा रहा है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ-साथ निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि इन विकास परियोजनाओं के पूर्ण होने से शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने के निर्देश दिए, ताकि जल्द से जल्द इनका लोकार्पण करवाकर जनता को समर्पित किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान श्री रामफल, जी.एम., करनाल स्मार्ट सिटी, अधीक्षक अभियन्ता, HSVP, श्री धर्मवीर तथा श्री के.जी. गोयल, SDE, करनाल स्मार्ट सिटी सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।

