दरभंगा 13 अगस्त 2026:- 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी जला रड्डी द्वारा संयुक्त आदेश जारी किया गया है।
संयुक्त आदेश के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण,सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न स्तरों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह स्थानीय नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय पोलो मैदान, दरभंगा में आयोजित किया जाएगा।
मुख्य समारोह में प्रातः 9:05 बजे माननीय मंत्री, पथ निर्माण विभाग, बिहार सरकार सह प्रभारी मंत्री, दरभंगा जिला श्री कुमार शैलेंद्र द्वारा झंडोत्तोलन किया जाएगा।
समारोह के अवसर पर बीएमपी, जिला पुलिस एवं गृह रक्षा वाहिनी के साथ-साथ एनसीसी एवं स्काउट एंड गाइड के प्लाटून द्वारा सामूहिक परेड का आयोजन किया जाएगा।
सामूहिक परेड में बीएमपी-13, डीएपी पुरुष एवं महिला, गृह रक्षा वाहिनी, एनसीसी बालक एवं बालिका तथा स्काउट एंड गाइड की एक-एक प्लाटून भाग लेंगी।
परेड का समावेशन परिचारी प्रवर प्रिया राज, पुलिस केंद्र दरभंगा द्वारा किया जाएगा। वहीं द्वितीय परेड समादेशक के रूप में परिचारी रूपक कुमार, प्रभारी दिवा शाखा, पुलिस केंद्र दरभंगा रहेंगे।
संयुक्त आदेश में कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मियों की पूर्व से प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। समारोह की दर्शक दीर्घा में उपस्थित लोगों तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के लिए पुलिस उपाधीक्षक, रक्षित, पुलिस केंद्र दरभंगा को सादे लिबास में पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया है।
मुख्य समारोह स्थल पर बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी प्रवेश द्वारों पर डीएफएमडी/एचएचएमडी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही असामाजिक तत्वों एवं भीड़ की गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मुख्य समारोह स्थल की ओर आने-जाने वाले सभी मार्गों पर सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी पुलिस उपाधीक्षक, यातायात को दी गई है। थाना अध्यक्ष, यातायात को निर्देश दिया गया है कि जिले के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर प्रातः 6:00 बजे से पर्याप्त संख्या में यातायात पुलिस की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करें। साथ ही वे स्वयं भी भ्रमणशील रहकर यातायात व्यवस्था का सतत अनुश्रवण करेंगे तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
झंडा मंच की सुरक्षा के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, सदर एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर की प्रतिनियुक्ति की गई है। दोनों पदाधिकारी समारोह स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का सतत अनुश्रवण करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
संयुक्त आदेश के अनुसार सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल को 15 अगस्त को प्रातः 7:00 बजे अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर उपस्थित होकर निर्धारित दायित्व का निर्वहन सुनिश्चित करना सुनिश्चित करेंगे। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं पुलिस बल कार्यक्रम की समाप्ति के उपरांत ही अपने प्रतिनियुक्ति स्थल से प्रस्थान करेंगे।
अपर समाहर्ता, राजस्व श्री मनोज कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री अशोक कुमार चौधरी को नेहरू स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था के वरीय प्रभार में प्रतिनियुक्त किया गया है।
दोनों पदाधिकारी अपने दिशा-निर्देशन में प्रतिनियुक्त सभी पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की उपस्थिति एवं कार्यों का अनुश्रवण करेंगे।
साथ ही नेहरू स्टेडियम एवं इसके आस पास सुरक्षा बल की अतिरिक्त आवश्यकता होने पर अपने स्तर से आवश्यकतानुसार पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करेंगे।
जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरतें तथा आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि राष्ट्रीय पर्व का आयोजन शांतिपूर्ण, गरिमापूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

