राष्ट्रीय

इंदौर: नेपाली करेंसी के साथ बंद हो चुके नोट भी निकले खजराना गणेश की दानपेटियों से

डेस्क: खजराना गणेश मंदिर (Khajrana Ganesh temple) की दानपेटियों (donation boxes) को खोला जा रहा है और उनमें भक्तों द्वारा डाली गई नकद राशि और अन्य सामग्रियों की गिनती चल रही है। अभी तीन दानपेटियां और बची हैं, जिन्हें आज खोला जाएगा। अभी तक खोली गई दानपेटियों में 1 करोड़ 9 लाख रुपए की राशि नकद मिली है तो नेपाली करेंसी (Nepalese currency) के साथ नोटबंदी (Demonetisation) में हजार और पांच सौ के जो नोट बंद किए थे, वे भी 8-10 निकले हैं। भक्तों द्वारा लिखी गई चि_ियों के अलावा सोने-चांदी के कुछ आभूषण भी मिले हैं।

खजराना मंदिर परिसर में छोटी-बड़ी 43 दानपेटियां हैं। पिछले दिनों अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चंदा चोरी की खबर के बाद अब सभी प्रमुख मंदिरों में सख्ती की गई है, जिसका असर खजराना गणेश मंदिर में दानपेटियों की गिनती में भी देखा गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दानपेटियों को खोलकर उनमें से निकली नकद राशि की गिनती करवाई जा रही है। खजराना मंदिर के पुजारी अशोक भट्ट और प्रबंधक जीएस मिश्रा के मुताबिक आज बची तीन पेटियों को खोला जाएगा। अभी तक 1 करोड़ से ज्यादा की नकद राशि प्राप्त हुई है। वहीं सोने की एक चेन, मूर्ति और कुछ चांदी के सिक्के भी निकले हैं। चल रही गणना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जा रही है। हर बार दानपेटियों से विदेशी करेंसी भी निकलती है। इस बार नेपाल की करेंसी के साथ बंद हो चुके नोट भी कुछ भक्तगण डाल गए। वहीं बड़ी संख्या में भगवान गणेश को लिखे भक्तों के पत्र भी निकले, जिनमें कई तरह की फरियाद की गई है। किसी ने अपने आर्थिक कष्ट, बीमारी से लेकर निजी समस्याएं भी इन पत्रों में व्यक्त की हैं। जो भी नकद राशि दानपेटियों से निकली उसे तुरंत बैंक में जमा भी कराया जा रहा है। खजराना गणेश के नाम पर खुले बैंक खाते में 7 करोड़ रुपए से अधिक की एफडी भी है। वहीं 10 दिवसीय गणेशोत्सव में भी अच्छी खासी दान राशि प्राप्त होगी। अभी गर्भगृह सहित पहले चरण के विकास कार्य भी मंदिर में चल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *