बिहार

बिहार : आय से अधिक संपत्ति मामले में कार्यपालक अभियंता के चार ठिकानों पर एसवीयू की छापेमारी

डेस्क:पटना । बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने मंगलवार को लघु जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता हरेंद्र कुमार के चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में दर्ज प्राथमिकी के बाद एसवीयू की अलग-अलग टीमें तीन जिलों में तलाशी अभियान चला रही हैं। जानकारी के अनुसार, हरेंद्र कुमार वर्तमान में बांका जिले में लघु जल संसाधन विभाग में कार्यपालक अभियंता के पद पर तैनात हैं। एसवीयू की टीम ने बांका स्थित उनके आवास और विभागीय कार्यालय के अलावा पटना तथा वैशाली जिले में स्थित उनके अन्य ठिकानों पर भी एक साथ छापेमारी शुरू की। छापेमारी के दौरान एसवीयू की टीमें आय के स्रोत, संपत्ति से संबंधित दस्तावेज, बैंक खातों, निवेश और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। विभागीय कार्यालय में कार्यपालक अभियंता के चेंबर को भी सील किए जाने की जानकारी सामने आई है। टीम द्वारा महत्वपूर्ण कागजात और अन्य दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है।
बताया जा रहा है कि कार्यपालक अभियंता हरेंद्र कुमार ने करीब एक महीने पहले ही बांका में योगदान किया था। इससे पहले वह गया जिले में पदस्थापित थे। गया के एक शिकायत के आधार पर उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत की गई थी। इसी शिकायत के आधार पर एसवीयू ने मामले की जांच आगे बढ़ाई और अब उनके विभिन्न ठिकानों पर तलाशी ली जा रही है।
जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि अधिकारी की घोषित और वैध आय के मुकाबले उनके पास कितनी संपत्ति है। इसके लिए जमीन और मकान से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों का विवरण, निवेश, चल-अचल संपत्ति तथा अन्य वित्तीय लेनदेन की जांच की जा रही है।
एसवीयू की इस कार्रवाई को बिहार में भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामलों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। हालांकि, छापेमारी पूरी होने के बाद ही बरामद दस्तावेजों और संपत्ति से संबंधित विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है। फिलहाल एसवीयू की टीमें तीनों जिलों में अलग-अलग स्थानों पर तलाशी में जुटी हैं और जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *