दरभंगा, 09 अगस्त 2026 :- डीएवी पब्लिक स्कूल, दरभंगा द्वारा प्रेक्षागृह, लहेरियासराय में भव्य अलंकरण समारोह का आयोजन उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया।
समारोह का उद्देश्य छात्रों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन, जिम्मेदारी और सेवा-भावना को विकसित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती स्निग्धा स्नेहा एवं मुख्य अतिथि दरभंगा के जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार , विशिष्ट अतिथि दरभंगा के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री जगुनाथ रड्डी जला रड्डी और सम्मानित अतिथि श्रीमती उर्वशी रानी ने संयुक्त रूप से वैदिक मन्त्रोच्चारण के साथ दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर आमंत्रित अभिभावकगण और विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यों की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा को और बढ़ाया।
सभी आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए अपने संबोधन में प्राचार्या श्रीमती स्निग्धा स्नेहा ने कहा कि विद्यालय छात्रों को केवल शैक्षणिक ज्ञान देने तक सीमित नहीं है,बल्कि उन्हें जिम्मेदार, संवेदनशील एवं संस्कारवान नागरिक बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने नवनियुक्त छात्र पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि नेतृत्व किसी पद का नाम मात्र नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाने, दूसरों का मार्गदर्शन करने और अपने आचरण से उदाहरण प्रस्तुत करने का अवसर है।
समारोह का मुख्य आकर्षण छात्र परिषद के नवनियुक्त सदस्यों का अलंकरण रहा जिसमें चयनित छात्रों को विभिन्न नेतृत्वकारी पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई।
प्राचार्या, मुख्य अतिथि एवं अभिभावकों द्वारा छात्र पदाधिकारियों को बैज एवं सैश पहनाकर सम्मानित किया गया।
चयनित छात्र परिषद के पदाधिकारी
सीनियर विंग:- स्कूल कैप्टन – ज्योत्श्ना जॉन रॉय, स्कूल वाइस कैप्टन – नव्या सरावगी, सेक्रेटरी – अमृत राज, हेड बॉय – अनय मिश्रा, हेड गर्ल – सुमेधा कुमारी जूनियर विंग:- हेड बॉय – शुभ भारद्वाज,हेड गर्ल – विद्या एनसीसी:- सर्जेंट – राधिका रानी कॉरपोरल – रिशव झा और आलोक कुमार
लांस कॉरपोरल – प्रणव कुमार सिंह, रीत और ओजस कुमार बैंड कैप्टेन – जय, वाईस बैंड कैप्टेन – आयुश कुमार
इसके पश्चात सदन प्रभारी शिक्षकों द्वारा छात्र पदाधिकारियों को सदन के ध्वज प्रदान किए गए।
सभी नवनियुक्त छात्र परिषद सदस्यों ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने तथा अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ ली।
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में निभाई गई छोटी-सी जिम्मेदारी भी भविष्य में मिलने वाले बड़े दायित्वों की तैयारी का आधार बनती है।
बच्चों में नेतृत्व क्षमता से उनका सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने आगे कहा कि दायित्व निर्वहन में भेदभाव की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। विद्यालय का उद्देश्य ऐसे युवा तैयार करना है जो ज्ञानवान होने के साथ-साथ अनुशासित, संवेदनशील, आत्मनिर्भर एवं समाज के प्रति उत्तरदायी हों।
विशिष्ट अतिथि जिला के वरीय पुलिस अधीक्षक ने बच्चों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि दायित्व निर्वहन की चुनौती के साथ ही आलोचना सहन की भी क्षमता का विकास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को नशा और मोबाइल से दूर रहने की आवश्यकता है।
समारोह के दौरान छात्रों ने मनमोहक नृत्य एवं गीत सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ प्रस्तुत कीं।
मंच का संचालन अंग्रेजी शिक्षक श्री दीपेन्द्र कुमार और विपुल पराशर एवं छात्रों की ओर से विज्ञान दीपिका और देवयानी मेहता के द्वारा किया गया।
समारोह का समापन प्राचार्या द्वारा “शिक्षा, सेवा और संस्कार” के मूल भाव को सार्थक करते हुए छात्रों में नई ऊर्जा,आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना के साथ किया गया ।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्या के द्वारा किया गया।

