डेस्क: बिहार (Bihar) के पूर्णिया (Purnia) से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव (MP Pappu Yadav) पर चप्पल फेंकने के आरोपी सुमित गिरी और हैप्पी शर्मा का बुलंदशहर से नैथला गांव तक करीब 7 किलोमीटर तक रोड शो निकाला गया। रास्ते में कई जगह ग्रामीणों ने स्वागत किया। गांव पहुंचने पर फूल-माला और ढोल-नगाड़े के साथ भव्य स्वागत किया। इसका वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
बता दें कि 2 अगस्त को दिल्ली में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बिहार के सांसद पप्पू यादव पर सनातन धर्म के अपमान को लेकर सवाल पूछने और चप्पल फेंकने का आरोप सुमित गिरी और उनके साथी हैप्पी शर्मा पर लगा था। हैप्पी शर्मा बुलंदशहर के गांव नैथला के मूल निवासी है और भाजपा बुलंदशहर ग्रामीण मंडल का उपाध्यक्ष हैं। जबकि सुमित गिरी सिकंदराबाद नगर का भाजपा का मंत्री हैं। इस घटना के बाद शुक्रवार को हैप्पी शर्मा और सुमित गिरी का बुलंदशहर से नैथला गांव तक खुली जीप में सवार होकर परिजन और ग्रामीणों ने रोड शो निकाला।
फूल-माला पहनाकर किया गया स्वागत
गांव में घर पहुंचने पर फूल-माला पहनाकर और दीपक जलाकर आरती उतारकर दोनों का ढोल नगाड़े के साथ भव्य स्वागत किया गया। हैप्पी शर्मा ने बताया कि क्षेत्र के लोगों ने जबरदस्त स्वागत किया है। स्वागत के दौरान सभी से अपील की है कि सनातन धर्म का अपमान ना होने दें और जहां पर भी पप्पू यादव का कार्यक्रम हो उसका विरोध किया जाए।
बुलंदशहर से नैथला तक रास्ते में कई जगह स्वागत
बुलंदशहर से नैथला जाते समय रास्ते में गांव गंगेरूवा में हिंदू रक्षा दल की टीम ने भव्य स्वागत किया। गांव नैथला में कांति मास्टर, राजकुमार शर्मा, देवदास शर्मा, आकाश शर्मा, ग्राम प्रधान प्रियंक कौशिक, कविता शर्मा पूर्व प्रधान आदि ने स्वागत किया। गांव सिखेड़ा में बबलू चौधरी, कुशल चौधरी समेत अन्य ने भव्य स्वागत किया।
सनातन धर्म के अपमान का सवाल पूछने पर भड़के थे पप्पू यादव
इससे पहले सुमित गिरी और उनके साथी हैप्पी शर्मा ने आरोप लगाया कि सनातन धर्म और करोड़ों हिन्दुओं के आराध्य भगवान श्रीराम के अपमान को लेकर सादगी पूर्ण ढंग से सवाल पूछा गया था। इस पर पप्पू यादव भड़क गए और उन्होंने तथा उनके गुंडों ने हमला कर दिया। सुमित गिरी ने पप्पू यादव और उनके साथियों पर दिल्ली के तिलकनगर थाने में हमला, सोने की चेन और घड़ी लूट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। उधर, सुमित गिरी और हैप्पी शर्मा के घर पहुंचने पर परिजनों ने खुशी जाहिर की है।

