उत्तर प्रदेश

माफिया अतीक अहमद के बेटे आबान की सड़क हादसे में मौत: झांसी जेल में बंद बड़े भाई से मिलने जा रहा था,कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई

डेस्क:झांसी । उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में गुरुवार को माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद समेत दो लोगों की भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई जबकि कई गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है सभी कार सवार प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अतीक के बड़े बेटे अली अहमद से मुलाकात करने जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, हादसा झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूछ थाना क्षेत्र के के पास हुआ। प्रयागराज से झांसी आ रही क्रेटा कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि हादसे में अतीक के बेटे अबान समेत दो की मौत हो गई। अन्य घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सभी प्रयागराज के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, कार में सवार सभी लोग झांसी जेल में बंद अली अहमद से मुलाकात करने के लिए जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे से ठीक पहले हाईवे पर अचानक एक जानवर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार डिवाइडर से टकरा गई। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के जनसंपर्क ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतकों में एक की पहचान अतीक अहमद के पुत्र अबान अहमद के रूप में हुई है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और दुर्घटना के संबंध में विस्तृत जांच जारी है। गौरतलब है कि उमेश पाल हत्याकांड के बाद अबान अहमद और उसके भाई अहजम को नाबालिग होने के कारण बाल संरक्षण गृह में रखा गया था। बाद में अक्टूबर 2023 में दोनों को वहां से रिहा कर उनकी बुआ की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया था। वर्तमान में अतीक अहमद का बड़ा बेटा अली अहमद झांसी जेल में बंद है, जिससे मिलने के लिए परिवार के सदस्य प्रयागराज से रवाना हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *