डेस्क: फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान AI379 में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विमान अचानक हवा में लगभग 300 फीट नीचे आ गया। इस झटके से विमान में सवार यात्री घबरा गए और कई लोग घायल हो गए। विमान में 137 यात्री और केबिन क्रू के आठ सदस्य सवार थे। उड़ान के दौरान विमान गंभीर वायुगति अशांति (टर्बुलेंस) की चपेट में आ गया, जिससे केबिन में तेज झटके महसूस किए गए। इस घटना में केबिन क्रू के चार सदस्यों सहित कुल 17 लोग घायल हुए।
एयर इंडिया ने पुष्टि की कि यह घटना उड़ान के क्रूज़ चरण के दौरान हुई। विमान के दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाईअड्डे पर सुरक्षित उतरने के बाद सामने आए वीडियो में घायल यात्रियों को स्ट्रेचर के जरिए एम्बुलेंस तक ले जाकर उपचार के लिए अस्पताल भेजते हुए देखा गया।
विमान में सवार यात्रियों के लिए यह कोई मामूली झटका नहीं था, बल्कि कुछ क्षणों का ऐसा भयावह अनुभव था जिसने पूरे केबिन में अफरा-तफरी मचा दी। अचानक आए तेज झटके से कई यात्री अपनी सीटों से उछल गए और केबिन में दहशत का माहौल बन गया।
इस घटना में घायल हुई अपनी मां के साथ यात्रा कर रहीं विवियाना ने विमान के भीतर के भयावह हालात का आंखों देखा हाल बताया। उन्होंने कहा, “मैं इटली से हूं। शुरुआत में उड़ान सामान्य थी, लेकिन अचानक तेज टर्बुलेंस शुरू हो गया। मैंने अपनी बहन को सीट से उछलते हुए देखा।”
उन्होंने आगे कहा, “मेरी मां के सिर में चोट लगी। मेरा फोन नीचे गिर गया। मेरे पीछे बैठे कई यात्रियों को भी चोटें आईं। एक यात्री के चेहरे से खून बह रहा था। उस समय हमें लगा कि शायद हम बच नहीं पाएंगे। वह अनुभव बेहद डरावना था। मैं लगातार कांप रही थी, रो रही थी और अभी भी ठीक से सुन नहीं पा रही हूं।”
एयर इंडिया ने अपने बयान में कहा कि घटना में किसी यात्री या चालक दल के सदस्य को गंभीर चोट नहीं आई है। एयरलाइन के अनुसार, मामूली रूप से घायल यात्रियों और क्रू के कुछ सदस्यों को एहतियातन हवाई अड्डे की चिकित्सा सुविधा में ले जाया गया, जहां उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया।
एयर इंडिया ने बताया कि 4 अगस्त को शाम 6:50 बजे तक पांच यात्रियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी, जबकि अन्य घायल यात्रियों का उपचार जारी था। एयरलाइन ने यह भी कहा कि उसकी टीमें अस्पतालों में मौजूद हैं और प्रभावित यात्रियों तथा उनके परिजनों को हर संभव सहायता और आवश्यक सहयोग प्रदान कर रही हैं।

