उत्तर प्रदेश

विपक्ष के संसद के बाहर प्रदर्शन पर ओपी राजभर का हमला, बोले- ड्रामा करने वाली पार्टियां..

डेस्क:उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने संसद के बाहर राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण को लेकर विपक्ष के विरोध प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष जनता के मुद्दों के बजाय सिर्फ राजनीतिक ड्रामा करने में लगा हुआ है। राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता, चाहे फैजाबाद के सांसद धर्मेंद्र यादव हों या डिंपल यादव, कांग्रेस के साथ मिलकर संसद के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। अब जब उनके इस प्रदर्शन पर सवाल उठ रहे हैं तो वे लखनऊ आकर भी वही कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद इस तरह का व्यवहार पहले कभी देखने को नहीं मिला। समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और “पप्पू एंड कंपनी” सिर्फ सत्ता में वापसी के लिए नाटक कर रही हैं और जनता के असली मुद्दों से उनका कोई सरोकार नहीं है। दिल्ली में सांसद पप्पू यादव पर हमले के लगाए गए आरोपों को भी राजभर ने खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह झूठा दावा है और इसे भी उन्होंने विपक्ष का ड्रामा बताया। उनका कहना है कि विपक्ष लगातार ऐसे मुद्दे उठाकर राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से बधाई नहीं दिए जाने के सवाल पर भी राजभर ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को खेलों से कोई लेना-देना नहीं है, उसे केवल सत्ता की राजनीति की चिंता रहती है।
इस दौरान राजभर ने सूरत के आरटीआई कार्यकर्ता अमित तिवारी द्वारा ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दिपके की अमेरिका में पढ़ाई के खर्च को लेकर उठाए गए सवालों का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा, “वे सही बात कह रहे हैं। अभिजीत दिपके ने छात्रों का भविष्य खतरे में डाला है। उसकी पढ़ाई के खर्च को लेकर उठाए गए सवालों को लेकर निश्चित रूप से जांच होनी चाहिए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *