डेस्क: डेलॉयट इंडिया ने सोमवार को अपनी रिपोर्ट ‘डिफेंडिंग द डिजिटल इंश्योरर’ में कहा कि भारत की साइबर बीमा कंपनियों को अब वास्तविक समय के खतरे के आंकड़ों का इस्तेमाल करते हुए खुफिया जानकारी आधारित जोखिम आकलन की ओर बढ़ना चाहिए। इसमें आगे कहा गया कि पारंपरिक जोखिम आकलन कृत्रिम मेधा (एआई) से होने वाले हमलों की रफ्तार का मुकाबला करने में पिछड़ रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार साइबर हमलों का दायरा बढ़ने और आपस में जुड़े डिजिटल तंत्र के जरिये साइबर घटनाओं के तेजी से फैलने के कारण जोखिम आकलन के पुराने और स्थिर तरीके नाकाम साबित हो रहे हैं। इसमें कहा गया कि लगातार बदलते और अस्थिर माहौल में सटीक प्रीमियम और बीमा सुरक्षा बनाए रखने के लिए बीमा कंपनियों को साइबर खतरे की खुफिया जानकारी, व्यवहार संबंधी मानकों और खतरे से जुड़े विभिन्न आंकड़ों को शामिल करने की जरूरत है।
डेलॉयट के मुताबिक एआई इस बदलाव को गति दे रहा है और इससे खतरे का एक नया परिदृश्य तैयार हो रहा है, जिसमें स्वचालित धोखाधड़ी और एआई-संचालित हमलों में 1,200 प्रतिशत से अधिक का उछाल देखा गया है। डेलॉयट दक्षिण एशिया में बीमा क्षेत्र के प्रमुख देबाशीष बनर्जी ने कहा, ”देश की डिजिटल अर्थव्यवस्था के आकार और बढ़ते साइबर जोखिम की तुलना में भारत का साइबर बीमा बाजार अब भी काफी छोटा है। हालांकि आज इसे अपनाने वाले मुख्य रूप से वित्तीय संस्थान और बड़े उद्यम हैं, लेकिन वृद्धि का अगला चरण ऐसे व्यापक व्यवसायों से आने की संभावना है जो डिजिटल भुगतान, क्लाउड प्लेटफॉर्म और आपस में जुड़े तंत्र पर तेजी से निर्भर हो रहे हैं।”



