सभी पंचायतों में विशेष शिविर,किसान पंजीकरण एवं सहकारी सदस्यता अभियान को मिलेगा गति
दरभंगा, 02 अगस्त, 2026:- जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार ने संवाददाता को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में नई रैयाम एवं सकरी चीनी मिलों की स्थापना के उद्देश्य से गन्ना क्षेत्र विस्तार हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में किसानों के बीच व्यापक जनजागरूकता, गन्ना किसान पंजीकरण तथा चीनी मिल सहकारी सदस्यता अभियान संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अब तक 13000 से अधिक किसान ने गन्ना की खेती के लिए रजिस्ट्रेशन करा लिया है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक चीनी मिल के सफल संचालन के लिए लगभग 30,000 एकड़ क्षेत्र में गन्ना की खेती आवश्यक होगी। इसे ध्यान में रखते हुए जिले में गन्ना की खेती का रकबा बढ़ाने तथा अधिक से अधिक किसानों को गन्ना उत्पादन एवं सहकारिता से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।
गौरतलब है कि नई चीनी मिल क्षेत्र में गन्ना क्षेत्र विस्तार के लिए प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर व्यापक स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में सहकारिता, कृषि, गन्ना उद्योग एवं पंचायती राज विभाग के प्रखंड एवं पंचायत स्तर के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए किसानों के साथ संवाद करेंगे तथा गन्ना खेती के लाभ, आधुनिक तकनीकों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।
अभियान के दौरान पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक किसानों का गन्ना किसान पंजीकरण तथा चीनी मिल सहकारी समिति की सदस्यता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही किसानों को गन्ना उत्पादन बढ़ाने, नई तकनीकों को अपनाने तथा चीनी उद्योग से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिले के सभी प्रखंडों की सभी पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी पंचायत स्तर पर सहकारिता, कृषि एवं पंचायती राज विभाग के पदाधिकारियों की त्रि-सदस्यीय समिति का गठन करेंगे, जो शिविरों का सफल संचालन सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के सफल क्रियान्वयन की संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी की होगी। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में अभियान की नियमित निगरानी, अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण करेंगे तथा यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रत्येक पंचायत में अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी हो।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान शिविरों में भाग लेकर गन्ना किसान पंजीकरण एवं सहकारी सदस्यता का लाभ प्राप्त कर सकें।

