डेस्क:अयोध्या । राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर शु्क्रवार को संसद परिसर में हुए विरोध प्रदर्शन को लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सांसद पप्पू यादव के भगवा वस्त्र पहनकर विरोध प्रदर्शन करने और रामलला की तस्वीर को लेकर उठे विवाद पर कहा कि जब किसी की सोच कमजोर हो जाती है तो वह कुछ भी कर सकता है। महंत दिनेंद्र दास ने कहा, “जैसा किसी का भाव होता है, वैसा ही वह भगवान को देखता और मानता है। जिसके मन में जैसी भावना होगी, उसे वैसे ही भगवान का अनुभव होगा। हमारा सौभाग्य है कि हमें रामलला की सेवा का अवसर मिला और वैष्णव संप्रदाय इस बात से प्रसन्न है।” उन्होंने सांसद पप्पू यादव पर धार्मिक प्रतीकों के अपमान के आरोप पर भी प्रतिक्रिया दी। महंत ने कहा कि यदि किसी से भूल हो जाती है तो उसे स्वीकार कर लेना चाहिए। उन्होंने कहा, “जब किसी की सोच कमजोर हो जाती है तो वह कुछ भी कर सकता है। लेकिन हमें विश्वास है कि रामलला उन्हें भी सही रास्ता दिखाएंगे। अगर उन्होंने अपनी गलती स्वीकार कर ली, तो रामलला की कृपा उन्हें भी मिलेगी।”
महंत दिनेंद्र दास ने आगे कहा कि वह किसी व्यक्ति विशेष पर टिप्पणी नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा, “वे हमसे बड़े हैं। हम तो यही प्रार्थना करेंगे कि रामलला उन्हें आशीर्वाद दें। जो लोग सच्चे मन से रामलला में आस्था रखते हैं, वे भगवान के नाम पर राजनीति नहीं करते।”
राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले में चल रही जांच के संबंध में महंत दिनेंद्र दास ने कहा कि पूरी प्रक्रिया नियमों के तहत हो रही है। उन्होंने बताया कि सोना-चांदी सहित सभी दान सामग्री की जांच की जा रही है और संबंधित सरकारी एजेंसियां अपना काम कर रही हैं।
उनका कहना है, “जो भी सामग्री को लेकर सवाल उठे थे, उसका पूरा हिसाब मौजूद है। जांच एजेंसियां और अधिकारी सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। पूरा रिकॉर्ड देखा जा रहा है और व्यवस्था पारदर्शी तरीके से चल रही है।”
महंत ने कह, “रामलला के दरबार में आने वाले लोगों का कल्याण होता है। हमें भरोसा है कि सच सामने आएगा और भगवान सबको सही मार्ग दिखाएंगे।

