खेल

ICC T20I Rankings: वैभव सूर्यवंशी की 230 स्थान की ऐतिहासिक छलांग, टॉप-50 में बनाई जगह

डेस्क: जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारत के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को ICC T20I रैंकिंग में बड़ा इनाम मिला है। ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ रहने वाले वैभव ने बल्लेबाजों की रैंकिंग में 230 स्थान की लंबी छलांग लगाते हुए पहली बार टॉप-50 में जगह बना ली है।
वैभव ने टॉप-50 में बनाई जगह
वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में 196.10 के स्ट्राइक रेट से 151 रन बनाए, जिसमें दो शानदार अर्धशतक शामिल रहे। इस प्रदर्शन के दम पर उन्होंने ICC T20I बल्लेबाजों की रैंकिंग में 230 स्थान की छलांग लगाकर 48वां स्थान हासिल किया। वह अब वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज ब्रैंडन किंग से ठीक नीचे मौजूद हैं।
ईशान नंबर-1, अभिषेक और सूर्यकुमार को नुकसान
भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन छह रेटिंग अंक गंवाने के बावजूद नंबर-1 बल्लेबाज बने हुए हैं। वहीं जिम्बाब्वे दौरे पर सिर्फ 11 रन बनाने वाले अभिषेक शर्मा दूसरे से तीसरे स्थान पर खिसक गए और पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान उनसे आगे निकल गए। तिलक वर्मा दो स्थान की छलांग लगाकर छठे नंबर पर पहुंच गए। दूसरी ओर सूर्यकुमार यादव तीन स्थान फिसलकर 19वें, जबकि संजू सैमसन तीन स्थान नीचे खिसककर 33वें स्थान पर पहुंच गए। भारत के कप्तान श्रेयस अय्यर सात स्थान की छलांग के साथ 24वें नंबर पर पहुंच गए।
गेंदबाजों की रैंकिंग में भारतीयों को झटका
गेंदबाजों की रैंकिंग में भारत के कई स्टार खिलाड़ियों को नुकसान हुआ है। चोट के कारण जिम्बाब्वे सीरीज नहीं खेलने वाले वरुण चक्रवर्ती तीन स्थान फिसलकर संयुक्त रूप से आठवें नंबर पर पहुंच गए। जसप्रीत बुमराह पांच स्थान नीचे खिसककर 17वें स्थान पर आ गए, जबकि अर्शदीप सिंह आठ स्थान की गिरावट के साथ 24वें नंबर पर पहुंच गए। अक्षर पटेल भी पांच स्थान नीचे खिसककर 32वें स्थान पर आ गए।
मुजारबानी को मिला शानदार फायदा
जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी ने भारत के खिलाफ सीरीज में चार विकेट झटके और इसका फायदा उन्हें ICC रैंकिंग में भी मिला। उन्होंने 10 स्थान की छलांग लगाकर 26वां स्थान हासिल किया। खास बात यह रही कि उन्होंने सीरीज के तीनों मैचों में भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का विकेट लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *