दरभंगा

दरभंगा : एक सप्ताह तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद युवक की मौत, हत्या का आरोप

दरभंगा/बहेड़ा: (सुरज ठाकुर)। बहेड़ा थाना क्षेत्र के जयंतीपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुए कथित जानलेवा हमले में घायल युवक की इलाज के दौरान एक सप्ताह बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान पिंटू यादव (30 वर्ष), पिता- दिलीप यादव के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, करीब दो दिन पहले सड़क पर साइड देने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद घटना वाले दिन सुबह पिंटू यादव बाइक से चौक पर सामान लाने गए थे। वापस लौटने के दौरान आरोप है कि महिंद्रा सुप्रीमो वाहन के मालिक और उसके पिता ने जान से मारने की नीयत से उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी।

परिजनों का आरोप है कि टक्कर लगने के बाद पिंटू यादव सड़क पर गिर गए, जिसके बाद आरोपित वाहन से उतरकर किसी नुकीली वस्तु से उन पर हमला किया और मौके से फरार हो गए।

गंभीर रूप से घायल पिंटू यादव को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां लगभग एक सप्ताह तक इलाज चलने के बाद उनकी मौत हो गई।

मृतक अपने पीछे पत्नी, दो छोटे बच्चे, माता-पिता और बड़े भाई को छोड़ गए हैं। परिवार के अनुसार, पिंटू यादव घर की जिम्मेदारी संभालने वाले प्रमुख सदस्य थे और किराना दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे।

घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। परिजनों ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *