प्रादेशिक

पति को हुआ सांस नली का कैंसर, पत्नी ने रचाई दूसरी शादी, कोर्ट ने जारी किया गिरफ्तारी वारंट।

डेस्क : इंदौर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां कैंसर जैसी बीमारी के मुश्किल वक्त में जीवनसाथी का साथ निभाने के बजाय पत्नी ने मुंह मोड़ लिया। इंस्टाग्राम से शुरू हुई एक लव स्टोरी का अंत अब अदालत के दरवाजों तक पहुंच चुका है।

सांस की नली में कैंसर की खबर सुनते ही पत्नी ने ना सिर्फ पीड़ित पति का साथ छोड़ा, बल्कि कानूनी प्रक्रिया पूरी किए बिना दूसरी शादी भी रचा ली। अब इस मामले में कोर्ट ने सख्त रवैया अपनाते हुए आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है। आइए जानते हैं कि आखिर पूरा मामला क्या है?

 

इंस्टाग्राम का प्यार, फिर शादी और अब कोर्ट में पहुंचा मामला

 

इंदौर की राजस्व कॉलोनी के रहने वाले आकाश जाट की मुलाकात रतलाम की साक्षी नकुम से इंस्टाग्राम पर हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की बातें बढ़ीं और दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों ने अपने रिश्ते को नाम देने के लिए 20 नवंबर 2022 को इंदौर के आर्य समाज मंदिर में विवाह कर लिया। शुरुआत में परिवार वाले थोड़े हिचकिचाए, लेकिन बाद में सहमति बन गई। इसके बाद दोनों परिवारों की मौजूदगी में 13 दिसंबर 2022 को रतलाम में सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ दोबारा धूमधाम से शादी कराई गई।

शादी के कुछ महीनों तक सब कुछ ठीक चल रहा था। अचानक आकाश की सेहत बिगड़ने लगी। परिजन बेहतर इलाज और जांच के लिए उन्हें गुजरात के वडोदरा ले गए। वहां 10 अप्रैल 2023 को आई मेडिकल रिपोर्ट ने पूरे परिवार के होश उड़ा दिए। डॉक्टरों ने जांच में पुष्टि की कि आकाश की सांस की नली में कैंसर है। इस गंभीर बीमारी का पता चलते ही घर की खुशियां गम में बदल गईं।

 

“तुम तो कल मर जाओगे…” और फिर छोड़ दिया साथ

 

आकाश का कहना है कि जब उन्हें अपनी पत्नी के सबसे ज्यादा सपोर्ट की जरूरत थी, तभी उसके तेवर बदल गए। बीमारी की खबर सुनते ही पत्नी के बर्ताव में कड़वाहट आ गई और उसने दूरियां बनानी शुरू कर दीं।

 

पीड़ित पति आकाश का आरोप है,

 

“कैंसर का पता चलते ही साक्षी ने साफ कह दिया कि ‘तुम तो कल मर जाओगे, फिर मेरा क्या होगा?’ इसके बाद वह मुझे इस गंभीर हालत में अकेला छोड़कर चली गई। उसने बिना तलाक लिए दूसरा घर बसा लिया।”

 

कोर्ट का कड़ा रुख, गिरफ्तारी वारंट जारी

 

बिना तलाक दूसरी शादी करने और जीवन संकट के वक्त धोखा देने का आरोप लगाते हुए पीड़ित पति ने न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने आरोपी महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज करते हुए गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।

 

कानूनी जानकारों का मानना है कि हिंदू विवाह अधिनियम के तहत पहली शादी के रहते बिना तलाक दूसरी शादी करना गैर-कानूनी है। अब पुलिस वारंट के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *