चार्ज अधिकारी एवं क्षेत्रीय कर्मियों को DCHB App के संचालन एवं जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तैयार करने की दी गई विस्तृत जानकारी
दरभंगा, 18 जुलाई, 2026 :- भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत मकानों की गणना एवं सूचीकरण कार्य पूर्ण होने के उपरांत अब जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (District Census Handbook-DCHB) के ग्रामीण एवं नगरीय संस्करण तैयार करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
इसी क्रम में जिला परिषद, दरभंगा परिसर स्थित जिला परिषद सभागार में *18 जुलाई, 2026* से *25 जुलाई, 2026* तक नामित चार्ज अधिकारी एवं क्षेत्रीय कर्मियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन प्रारंभ हुआ।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम *जनगणना निदेशालय, बिहार* की मार्गदर्शिका तथा *प्रधान जनगणना अधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार* के निर्देशानुसार निर्धारित कार्यक्रम के तहत आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिदिन विभिन्न ग्रामीण एवं नगरीय चार्जों के चार्ज अधिकारियों एवं क्षेत्रीय कर्मियों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि जिला जनगणना हस्तपुस्तिका का निर्माण निर्धारित मानकों एवं समय-सीमा के अनुरूप सुनिश्चित किया जा सके। प्रशिक्षण के प्रथम दिन *दरभंगा सदर* के चार्ज अधिकारी एवं क्षेत्रीय कर्मियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर जनगणना निदेशालय, पटना, बिहार से प्रतिनियुक्त प्रशिक्षक *श्री रोहित कुमार* एवं *श्री रामध्यान सिंह* ने प्रतिभागियों को जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तैयार करने की संपूर्ण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
प्रशिक्षकों ने बताया कि जिला जनगणना हस्तपुस्तिका जनगणना का एक महत्वपूर्ण प्रकाशन है, जिसमें जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से संबंधित प्रशासनिक, सामाजिक, आर्थिक, जनसांख्यिकीय एवं आधारभूत संरचना संबंधी महत्वपूर्ण आँकड़ों का संकलन किया जाता है।
यह दस्तावेज प्रशासनिक योजना निर्माण, विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करने, अनुसंधान तथा नीति-निर्धारण के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होता है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को *DCHB App* के संचालन की बारीकियों से भी अवगत कराया गया। ऐप के माध्यम से आंकड़ों के संकलन, सत्यापन, प्रविष्टि, त्रुटि सुधार तथा ऑनलाइन डेटा अपलोड की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। साथ ही, जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तैयार करते समय अपनाई जाने वाली तकनीकी सावधानियों, डेटा की शुद्धता एवं गुणवत्ता बनाए रखने तथा समयबद्ध कार्य निष्पादन के संबंध में भी विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।
प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सभी नामित अधिकारियों एवं कर्मियों को एक समान कार्यप्रणाली से परिचित कराना है, ताकि जिला जनगणना हस्तपुस्तिका का निर्माण त्रुटिरहित, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जा सके।
जिला प्रशासन ने सभी नामित चार्ज अधिकारियों एवं क्षेत्रीय कर्मियों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तैयार करने के कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न करने का आह्वान किया है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम *25 जुलाई, 2026* तक विभिन्न चरणों में संचालित रहेगा, जिसमें जिले के सभी संबंधित ग्रामीण एवं नगरीय चार्जों के अधिकारी एवं क्षेत्रीय कर्मी भाग लेंगे।

