दरभंगा

जिला स्तरीय “उद्योग वार्ता” का आयोजन, उद्यमियों की समस्याओं के समाधान एवं निवेश प्रोत्साहन पर हुई विस्तृत चर्चा

उप विकास आयुक्त ने कहा – उद्योगों की स्थापना से ही होगा विकसित बिहार का निर्माण, सरकार उद्योग-अनुकूल वातावरण बनाने के लिए प्रतिबद्ध

दरभंगा, 17 जुलाई 2026 :- उद्योग विभाग, बिहार सरकार के निर्देशानुसार आज जिला स्तरीय *”उद्योग वार्ता”* कार्यक्रम का आयोजन समाहरणालय परिसर स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर सभागार में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त, दरभंगा श्री स्वप्निल द्वारा की गई।

*कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के उद्यमियों एवं नए उद्योग स्थापित करने के इच्छुक व्यक्तियों की समस्याओं का समाधान करना तथा उन्हें राज्य सरकार की विभिन्न औद्योगिक एवं निवेश प्रोत्साहन योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना था।*

 

कार्यक्रम में जिले के दर्जनों प्रतिष्ठित उद्यमियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में भावी उद्यमियों ने भाग लिया तथा उद्योग स्थापना एवं व्यवसाय विस्तार से संबंधित विभिन्न विषयों पर अपने विचार एवं समस्याएँ अधिकारियों के समक्ष रखीं।

 

बैठक के दौरान प्रभारी महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र, श्रीमती सुरुचि कुमारी ने *राज्य निवेश प्रोत्साहन परिषद (SIPB)* की भूमिका पर पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि बिहार में निवेश प्रक्रिया को अत्यंत सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया गया है। उद्योग स्थापना के लिए *स्टेज-1 क्लियरेंस, फाइनेंशियल क्लीयरेंस, प्रोडक्शन की तारीख और इंसेंटिव मिलने का प्रोसेस*, विभिन्न वित्तीय प्रोत्साहनों एवं अनुदानों की स्वीकृति अब त्वरित गति से प्रदान की जा रही है, जिससे निवेशकों को बेहतर सुविधा मिल रही है।

 

बैठक में *सिंगल विंडो सिस्टम* को उद्यमियों के लिए एक महत्वपूर्ण एवं प्रभावी व्यवस्था बताया गया। जानकारी दी गई कि अब उद्योग स्थापित करने के लिए विभिन्न विभागों से अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) एवं लाइसेंस प्राप्त करने हेतु अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है। एकीकृत *ऑनलाइन पोर्टल* के माध्यम से सभी आवश्यक स्वीकृतियाँ निर्धारित समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उद्यमियों का समय एवं संसाधनों की बचत हो रही है।

 

बैठक के दौरान उद्यमियों ने बिजली आपूर्ति, बैंक ऋण, औद्योगिक क्षेत्र के विकास तथा अन्य प्रशासनिक समस्याओं से संबंधित मुद्दे उठाए। उप विकास आयुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को इन समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

 

अपने संबोधन में *उप विकास आयुक्त* ने जिले के उद्यमियों का आह्वान करते हुए कहा कि वे लघु उद्योगों के साथ-साथ बड़े एवं आधुनिक उद्योगों की स्थापना के लिए भी आगे आएँ। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय *”नया बिहार, विकसित बिहार”* के निर्माण का है और इसमें उद्योग जगत की महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य सरकार निवेश को बढ़ावा देने एवं उद्योग-अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। साथ ही, बैंकिंग संस्थानों द्वारा भी नए उद्योगों की स्थापना के लिए ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

 

कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता (विद्युत), वन प्रमंडल पदाधिकारी, राज्य कर संयुक्त आयुक्त, श्रम अधीक्षक, जिला अग्निशमन पदाधिकारी, उप महाप्रबंधक (बियाडा), अग्रणी जिला प्रबंधक सहित उद्योग विभाग के विभिन्न पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *