
दरभंगा : बिहार के इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया, जब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कर-कमलों द्वारा राज्य के 211 नवस्थापित सरकारी डिग्री कॉलेजों का एक साथ उद्घाटन किया गया। इसी क्रम में गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज, सिंहवाड़ा (दरभंगा) में भी विधिवत पठन-पाठन का शुभारंभ हो गया।

इस ऐतिहासिक अवसर पर स्थानीय विधायक जीवेश मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। ऑनलाइन उद्घाटन समारोह के उपरांत कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर मुश्ताक अहमद, प्राध्यापक डॉ. मोहम्मद तस्लीम तथा सनहपुर उच्च विद्यालय, जिसके परिसर में फिलहाल यह कॉलेज संचालित हो रहा है, के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने श्री मिश्रा का मिथिला की पारंपरिक पाग, चादर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया।

इस अवसर पर कॉलेज में नामांकन लेने वाली प्रथम छात्रा ललिता कुमारी का भी पाग एवं चादर ओढ़ाकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।

अपने संबोधन में प्राचार्य प्रोफेसर मुश्ताक अहमद ने कहा कि बिहार सरकार का यह निर्णय ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी है। दूर-दराज़ के क्षेत्रों में सरकारी डिग्री कॉलेजों की स्थापना से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने का बेहतर अवसर मिलेगा। उन्होंने इस ऐतिहासिक पहल के लिए माननीय मुख्यमंत्री बिहार के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें इस नवस्थापित कॉलेज में कार्य करने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है।
उन्होंने क्षेत्र के अभिभावकों एवं आम जनता से अपील की कि वे अपने बच्चों का नामांकन इस नए कॉलेज में अवश्य कराएँ और उच्च शिक्षा के इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएँ।
इस ऐतिहासिक समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रोफेसर मुश्ताक अहमद ने सभी अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा उपस्थित जनसमुदाय के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन की ओर से दरभंगा के डी.सी.एल.आर., सिंहवाड़ा के बी.डी.ओ., सी.ओ. तथा बी.ई.ओ. भी उपस्थित थे।

