उत्तर प्रदेश

नोएडा में जलभराव और सफाई व्यवस्था पर विधायक पंकज सिंह की सख्ती, 15 जुलाई तक नालों की सफाई पूरी करने का लक्ष्य

डेस्क:नोएडा। मानसून के दौरान जलभराव और सफाई व्यवस्था को लेकर नोएडा में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को नोएडा विधानसभा के विधायक पंकज सिंह ने नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक कर शहर में जलभराव, नालों की सफाई और ड्रेनेज व्यवस्था का जायजा लिया। बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बारिश के दौरान नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी, महाप्रबंधक (सिविल) एके अरोड़ा, एसपी सिंह, महाप्रबंधक (विद्युत/यांत्रिकी) आरपी सिंह समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष महेश चौहान, फोनर्वा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा तथा विभिन्न आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान नोएडा प्राधिकरण ने शहर में चल रही सफाई व्यवस्था और ड्रेनेज प्रबंधन को लेकर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। अधिकारियों ने बताया कि नोएडा ने पिछले वर्ष स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंक हासिल की थी और वर्ष 2024 में सुपर स्वच्छ लीग में शामिल होने वाला उत्तर प्रदेश का एकमात्र शहर रहा।
प्राधिकरण की ओर से वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 900 टन घरेलू कचरे का डोर-टू-डोर संग्रहण कर उसका निस्तारण किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रतिदिन करीब 400 टन निर्माण एवं विध्वंस (सी एंड डी) कचरे का भी वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा रहा है।
अधिकारियों ने विधायक को बताया कि पूरे नोएडा को विभिन्न जोनों में विभाजित कर नालों की सफाई अभियान चलाया जा रहा है। लक्ष्य रखा गया है कि 15 जुलाई तक सभी प्रमुख नालों की सफाई पूरी कर ली जाएगी, ताकि बारिश के दौरान जल निकासी सुचारु बनी रहे।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि शहर में 28 ऐसे लो-लाइंग क्षेत्र चिन्हित किए गए हैं, जहां हर वर्ष जलभराव की समस्या सामने आती है। इन सभी स्थानों पर पहले से ही पंप लगाए जा चुके हैं और कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है।
इसके अलावा जलभराव की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए नोएडा प्राधिकरण ने कॉल सेंटर भी स्थापित किया है।
आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने बैठक में कई इलाकों में नालों की नियमित सफाई नहीं होने की शिकायत उठाई। इस पर विधायक पंकज सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर सफाई कराई जाए और भविष्य में भी नियमित निगरानी रखी जाए।
विधायक ने बारिश के दौरान लगने वाले ट्रैफिक जाम पर भी चिंता जताते हुए अधिकारियों को प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने 24 घंटे सक्रिय रहने वाली क्विक रिस्पॉन्स टीम गठित करने के भी निर्देश दिए, जो सभी आवश्यक उपकरणों से लैस होकर आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई कर सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन क्षेत्रों में नालों की सफाई में लापरवाही मिले या जलभराव की समस्या बनी रहे, वहां संबंधित अधिकारी और संविदाकार की जिम्मेदारी तय कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही नालों की सफाई शुरू करने से पहले संबंधित आरडब्ल्यूए, ग्राम प्रतिनिधियों और औद्योगिक संगठनों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि सफाई कार्य अधिक प्रभावी ढंग से पूरा हो सके।
बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी ने विधायक को भरोसा दिलाया कि उनके सभी निर्देशों का समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पालन कराया जाएगा।
उन्होंने प्राधिकरण के सभी अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि मानसून के दौरान जलभराव और सफाई व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *