खेल

अफगानिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शापूर जादरान का निधन, एसीबी ने जताया दुख

डेस्क:नई दिल्ली । क्रिकेट की दुनिया के लिए बेहद निराशाजनक खबर आई है। अफगानिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शापूर जादरान का मंगलवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 38 साल के थे। जादरान हीमोफैगोसाइटिक लिम्फोहिस्टियोसाइटोसिस (एचएलएच) से जूझ रहे थे, जो इम्यून सिस्टम की एक गंभीर बीमारी है जिससे खतरनाक सूजन हो सकती है और कई अंगों को नुकसान हो सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक पिछले कुछ महीनों से उनका इलाज दिल्ली में चल रहा था। जादरान पहली बार पिछले अक्टूबर में बीमार पड़े थे, जिसके बाद अफगानिस्तान के डॉक्टरों ने उन्हें इलाज के लिए भारत आने की सलाह दी थी। शुरू में उनका इलाज ठीक रहा और उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई। अस्पताल से छुट्टी मिलने के ठीक 20 दिन बाद उनकी हालत फिर से बिगड़ गई। इसके बाद से वह अस्पताल में भर्ती थे।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने जादरान के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है। एसीबी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “अपने पूरे करियर में, शापूर ने सम्मान, हिम्मत और गर्व के साथ अफगानिस्तान क्रिकेट की सेवा की। उनका योगदान और उपलब्धियां हमेशा अफगानिस्तान क्रिकेट के इतिहास का एक अहम हिस्सा रहेंगी, और नेशनल टीम की सेवा में उनकी कोशिशों को कभी नहीं भुलाया जाएगा।”
बोर्ड ने लिखा, “मैदान पर अपनी उपलब्धियों के अलावा, शापूर जादरान कई युवा अफगान क्रिकेटरों और दुनिया भर के क्रिकेट फैंस के लिए प्रेरणा थे। उनके लड़ने के जज्बे, पक्के इरादे और खेल के लिए प्यार ने कई लोगों को उम्मीद दी और एक पीढ़ी को बड़े सपने देखने और अफगानिस्तान क्रिकेट के भविष्य पर विश्वास करने के लिए हिम्मत दी।”
8 जुलाई 1987 को जन्मे शापूर बुधवार को अपना 39वां जन्मदिन मनाने वाले थे।
बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने 2009 से 2020 के बीच अफगानिस्तान के लिए 44 वनडे और 36 टी20 मैच खेले थे। वनडे में उन्होंने 43 और टी20 में 37 विकेट लिए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *