बिहार

बिहार: मोतिहारी में बिना वैध दस्तावेज के रह रही यूक्रेनी महिला गिरफ्तार, नेपाल भागने की कोशिश नाकाम

डेस्क:पटना । बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त कार्रवाई में यूक्रेन की एक महिला नागरिक को बिना वैध यात्रा और आव्रजन दस्तावेज के गिरफ्तार किया गया है। महिला पर अवैध रूप से भारत में रहने तथा हरपुर बॉर्डर के रास्ते नेपाल में प्रवेश करने का प्रयास करने का आरोप है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार, हरपुर थाने की पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम सैनिक रोड के समीप भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक विदेशी महिला की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान जब उससे भारत में रहने और यात्रा से संबंधित दस्तावेज मांगे गए तो वह पासपोर्ट, वीजा अथवा अन्य कोई वैध आव्रजन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला बिना किसी वैध अनुमति के भारत में रह रही थी और हरपुर सीमा के रास्ते अवैध रूप से नेपाल जाने की कोशिश कर रही थी। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हरपुर थाना एवं एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में यूक्रेन की महिला नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि महिला के पास भारत में रहने अथवा अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले हैं, इसलिए उसे कानून के अनुसार गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसपी ने बताया कि महिला से विभिन्न सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि वह भारत में कब और किस रास्ते से दाखिल हुई, यहां किन लोगों के संपर्क में रही और नेपाल जाने के पीछे उसका उद्देश्य क्या था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में किसी स्थानीय या अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी भी और कड़ी कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *