बिहार

मेट्रो, फोर-लेन और विकास के दम पर जीतेंगे बांकीपुर, विपक्ष की होगी हार : मिथिलेश तिवारी

डेस्क:पटना । बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस बीच राज्य के मंत्री मिथिलेश तिवारी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने विभिन्न मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए एनडीए की जीत का भरोसा जताया और विपक्ष के दावों को खारिज किया। बिहार सरकार में मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में चाहे कोई भी उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे, जनता एक बार फिर एनडीए के पक्ष में मतदान करेगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं का समर्थन पूरी तरह एनडीए के साथ है। राजद द्वारा महिला उम्मीदवार उतारे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पिछले चुनावों में भी राजद ने महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। उनके अनुसार, इस बार भी महिला मतदाता एनडीए उम्मीदवार का समर्थन करेंगी।
भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर मंत्री तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा न्यायिक जांच की घोषणा की जा चुकी है और जांच प्रक्रिया शुरू हो गई है। ऐसे में किसी को भी अनावश्यक बयानबाजी से बचना चाहिए। सरकार चाहती है कि पीड़ित परिवार को न्याय मिले और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई हो।
मिथिलेश तिवारी ने यह भी बताया कि वे लंबे समय से विभिन्न राज्यों का दौरा कर वहां की सफल योजनाओं और नीतियों का अध्ययन कर रहे हैं। केवल भाजपा शासित राज्यों ही नहीं, बल्कि कुछ गैर-भाजपा शासित राज्यों की अच्छी पहल का भी अध्ययन किया गया है। उनका उद्देश्य विभिन्न राज्यों की बेहतरीन योजनाओं को बिहार में लागू कर विकास को नई गति देना है।
वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे के मुद्दे पर कहा कि अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी अनियमितताओं को उत्तर प्रदेश सरकार ने गंभीरता से लिया है। मामले में एफआईआर दर्ज की गई, गिरफ्तारियां हुईं, रिकवरी की गई और जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सीएए संबंधी बयान पर सरावगी ने कहा कि यह कानून पड़ोसी देशों से 2014 से पहले भारत आए धार्मिक अल्पसंख्यकों को नागरिकता देने के उद्देश्य से बनाया गया है और पात्र आवेदकों को कानून के अनुसार नागरिकता दी जा रही है।
जन सुराज पार्टी द्वारा प्रशांत किशोर को बांकीपुर उपचुनाव का उम्मीदवार बनाए जाने पर सरावगी ने कहा कि बांकीपुर लंबे समय से भाजपा और एनडीए का मजबूत गढ़ रहा है। सड़कों, पार्कों, चार-लेन मार्गों और मेट्रो जैसी परियोजनाओं के माध्यम से व्यापक विकास हुआ है और जनता विकास के आधार पर फिर से एनडीए का समर्थन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *