दरभंगा:06 जुलाई 2026 पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत रोज पब्लिक स्कूल, लहेरियासराय के छात्र-छात्राओं ने उप निदेशक जनसंपर्क श्री सत्येंद्र प्रसाद को पौधा भेंट कर अभियान के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
इस अवसर पर उप निदेशक जनसंपर्क श्री सत्येंद्र प्रसाद ने बच्चों से पौधों के महत्व,उनके संरक्षण तथा पर्यावरण संतुलन में उनकी भूमिका से संबंधित प्रश्न पूछे,बच्चों ने उत्साहपूर्वक अपने विचार व्यक्त किए।
उप निदेशक जनसंपर्क ने बच्चों को पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संदेश देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपनी माता के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे,तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अच्छी पहल होगी।
उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल हमें शुद्ध प्राण वायु, छाया एवं फल-फूल आदि प्रदान करते हैं, बल्कि जलवायु संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित पर्यावरण देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के उत्साह एवं पर्यावरण के प्रति उनकी जागरूकता की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य का जिम्मेदार नागरिक बताया।
कार्यक्रम में रोज पब्लिक स्कूल, लहेरियासराय की निदेशक डॉ.अनुपमा झा, प्राचार्या श्रीमती कनिका पालित, शिक्षक सुधांशु नारायण सिंह, विभाष चन्द्र झा, शालिनी सुमन सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएँ कुमारी श्रद्धा, ऋतंभरा प्रज्ञा, संस्कृति ठाकुर, ओजस,अयान, आरुष, श्रेयश, जफरा जाकिर एवं अन्य विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण,अधिकाधिक पौधारोपण तथा उनकी नियमित देखभाल करने को लेकर बल दिया गया।

