प्रादेशिक बिहार

बांका : डबल मर्डर से सनसनी, दो युवकों की गोली मारकर हत्या

डेस्क : बांका: अमरपुर प्रखंड की रतनपुर मकदूम्मा पंचायत अंतर्गत बलिया गांव के खेत के समीप रविवार की शाम करीब पांच बजे हुई दोहरी हत्या की वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। स्कॉर्पियो सवार अज्ञात बदमाशों ने बाइक पर सवार दो युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर वाहन सहित फरार हो गए। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

मृतकों की पहचान अमरपुर थाना क्षेत्र की गरीबपुर पंचायत अंतर्गत धर्मराय गांव निवासी अर्जुन सिंह के 40 वर्षीय पुत्र गुंजन सिंह तथा जगदीश सिंह के 35 वर्षीय पुत्र सीट्टु सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही अमरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की। कुछ ही देर बाद बांका के पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार, एसडीपीओ अमर विश्वास तथा एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की।

पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला सुनियोजित गोलीबारी का प्रतीत हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो से पहुंचे बदमाशों ने बाइक सवार दोनों युवकों को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग की। गोलियां लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर तेज रफ्तार से फरार हो गए।

ग्रामीणों के अनुसार, मृतकों के साथ एक तीसरा युवक भी मौजूद था, जो गोलीबारी के दौरान जान बचाकर वहां से भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि उससे पूछताछ के बाद घटना के कारणों और हमलावरों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है तथा अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। एसपी ने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

ग्रामीणों ने बताया कि सीट्टु सिंह कुछ दिन पहले ही दिल्ली से अपने गांव लौटा था, जहां वह मजदूरी का काम करता था। गुंजन सिंह भी दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था। दोनों किसी काम से बलिया गांव आए थे और वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आए बदमाशों ने बेहद करीब से दोनों के सीने में गोलियां मार दीं। हमलावरों ने घटना को इतनी तेजी से अंजाम दिया कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। वारदात के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या अन्य किसी कारण की आशंका से भी पुलिस जांच कर रही है। पूरे इलाके में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और ग्रामीणों से भी घटना से संबंधित जानकारी साझा करने की अपील की गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *