स्थानीय

दरभंगा : पत्रकारों की मांगों को लेकर डीएम से मिला श्रमजीवी पत्रकार यूनियन का शिष्टमंडल, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

दरभंगा : पत्रकारों के हितों और सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, दरभंगा जिला का एक शिष्टमंडल शनिवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार से मिला। शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम मांगपत्र सौंपते हुए पत्रकारों की समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल की मांग की। बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के महासचिव शशि मोहन भारद्वाज ने जिलाधिकारी के समक्ष पत्रकारों से जुड़े प्रमुख मुद्दों को विस्तार से रखा।

ज्ञापन में देश में नए मीडिया आयोग के गठन, पत्रकारों एवं मीडिया संस्थानों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय कानून बनाने, वर्किंग जर्नलिस्ट के लिए पूर्व में उपलब्ध कानूनी सुरक्षा उपायों को बहाल करने तथा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया कर्मियों को शामिल करते हुए नए वेज बोर्ड के गठन करने, पत्रकारों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एक सम्मान पेंशन योजना लागू करने की मांग की गई है।

ज्ञापन में यूनियन द्वारा कहा गया है कि पिछले कुछ दशकों में मीडिया का स्वरूप तेजी से बदला है। 24×7 घंटे के न्यूज चैनल, डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के विस्तार के साथ पत्रकारिता के सामने नई चुनौतियां भी आई हैं। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा, सेवा शर्तों और आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा जरूरी है।

जिलाधिकारी ने शिष्टमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक संदेश देते हुए ज्ञापन को उचित माध्यम से आगे भेजने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर डीडीसी स्वप्निल, डीपीआरओ आशीष अमन व अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। वहीं, शिष्टमंडल में यूनियन महासचिव शशि मोहन भारद्वाज, उपाध्यक्ष मुकेश कुमार, विनय कुमार ठाकुर, मनोज कुमार, इरफान अहमद पैदल, अनिल कुमार मिश्रा, सुधीर कुमार चौधरी, विष्णुकांत चौधरी, प्रभास रंजन, रोहित कुमार, मनीष कुमार सिन्हा, दीपक कुमार आदि प्रमुख थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *