पटना: बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की सियासी लड़ाई दिलचस्प होती जा रही है। जन सुराज ने प्रशांत किशोर को उम्मीदवार बनाने के बाद अब उन्होंने महागठबंधन से भी समर्थन की अपील कर दी है। बीजेपी के मजबूत गढ़ मानी जाने वाली इस सीट पर प्रशांत किशोर ने कहा कि चुनाव किसी जाति या धर्म का नहीं, बल्कि बेहतर प्रतिनिधित्व का होना चाहिए।
उम्मीदवारी की घोषणा के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि पिछले चार वर्षों से जन सुराज ही उनका एकमात्र मिशन रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि यदि बांकीपुर की जनता उनका साथ देती है तो यह जीत केवल एक सीट की नहीं, बल्कि बिहार में नई राजनीति की शुरुआत होगी।
प्रशांत किशोर ने तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले महागठबंधन से भी खुलकर सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी विपक्षी दलों को जातीय और धार्मिक समीकरणों से ऊपर उठकर ऐसे उम्मीदवार का समर्थन करना चाहिए जो जनता की आवाज मजबूती से उठाने का काम करे।
उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें विधानसभा भेजती है तो वे बिना किसी दबाव के केवल बांकीपुर और बिहार के लोगों के हितों की बात करेंगे। साथ ही मतदाताओं से अपील की कि वे पार्टी नहीं, बल्कि काम करने वाले उम्मीदवार को प्राथमिकता दें।
बीजेपी पर निशाना साधते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि यह उपचुनाव राज्य सरकार के कामकाज की परीक्षा भी है। उनके अनुसार, भले ही एक सीट के नतीजे से सरकार नहीं बदलेगी, लेकिन जनता का फैसला बिहार की राजनीति को नई दिशा देने का काम जरूर करेगा।
गौरतलब है कि बांकीपुर सीट बीजेपी नेता नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद खाली हुई है। इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होना है। प्रशांत किशोर के मैदान में उतरने से उपचुनाव अब राज्य की सबसे चर्चित राजनीतिक लड़ाइयों में शामिल हो गया है।
आशुतोष झा

