पटना: बिहार की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। जन सुराज पार्टी ने पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपने संस्थापक प्रशांत किशोर को उम्मीदवार घोषित कर दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी आधिकारिक घोषणा की। इस दौरान प्रशांत किशोर भी मौजूद रहे।
बांकीपुर सीट बीजेपी के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद खाली हुई है। निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा।
प्रशांत किशोर पहली बार किसी विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतर रहे हैं। पिछले कुछ महीनों से वह बांकीपुर क्षेत्र में लगातार जनसभाएं, संवाद कार्यक्रम और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर रहे थे। ऐसे में उनकी उम्मीदवारी की चर्चा पहले से ही तेज थी।
बांकीपुर को लंबे समय से बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। ऐसे में प्रशांत किशोर की एंट्री से इस उपचुनाव का मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इससे चुनावी समीकरण बदल सकते हैं और सभी प्रमुख दलों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।
अब सबकी नजरें 30 जुलाई को होने वाले मतदान और उसके नतीजों पर टिकी हैं, क्योंकि यह चुनाव न सिर्फ बांकीपुर बल्कि बिहार की आगामी राजनीति की दिशा तय करने वाला भी माना जा रहा है।
आशुतोष झा

