दरभंगा:कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के शिक्षाशास्त्र विभाग में सत्र 2026-28 के शिक्षाशास्त्री (बी.एड.) पाठ्यक्रम में नामांकन के लिए प्रथम चरण की मेधा सूची प्रकाशित कर दी गई है। प्रथम मेधा सूची में 80 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। विभाग में कुल 100 सीटें निर्धारित हैं, जबकि प्रवेश परीक्षा में उत्तीर्ण हुए 108 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। पंजीकृत अभ्यर्थियों का ही मेधा सूची प्रकाशित किया गया है।
विश्वविद्यालय के नोडल पदाधिकारी डॉ. रामसेवक झा ने बताया कि प्रथम मेधा सूची में चयनित अभ्यर्थियों को 3 जुलाई से 9 जुलाई तक पोर्टल पर जाकर आनलाइन 3,000 रुपये जमा कर अपनी सीट सुरक्षित करनी होगी। पंजीयन शुल्क प्राप्त अभ्यर्थी अगले दिन शिक्षाशास्त्र विभाग पहुंचकर नामांकन प्रक्रिया पूर्ण करेंगे।
डॉ . झा ने बताया कि 6 जुलाई सोमवार से 10 जुलाई तक चयनित अभ्यर्थियों शिक्षाशास्त्र विभाग में उपस्थित होकर अपने सभी शैक्षणिक एवं आवश्यक अभिलेखों का सत्यापन कराना होगा तथा निर्धारित नामांकन शुल्क जमा कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। डॉ. रामसेवक झा ने स्पष्ट किया कि नामांकन के समय अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों एवं अन्य अभिलेखों के साथ निर्धारित प्रारूप का शपथ-पत्र (एफिडेविट) भी अनिवार्य रूप से जमा करना होगा। बिना आवश्यक अभिलेखों एवं एफिडेविट के नामांकन प्रक्रिया पूर्ण नहीं की जाएगी।
उक्त जानकारी देते हुए पीआरओ डॉ निशिकांत ने बताया कि शिक्षाशास्त्री पाठ्यक्रम का कुल शुल्क एक लाख 20 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। इसमें प्रथम वर्ष में 65 हजार रुपये तथा शेष राशि द्वितीय वर्ष में जमा करनी होगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने चयनित अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथियों के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी करने का अनुरोध किया है, ताकि समय पर नामांकन प्रक्रिया संपन्न हो सके। साथ ही अभ्यर्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे विश्वविद्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित समय सीमा के अंदर शुल्क जमा करें और दस्तावेजों का सत्यापन अवश्य करा लें।
नामांकन के समय आवश्यक कागजात
मैट्रिक, इंटरमीडिएट व स्नातक के अंकपत्र एवं प्रमाण-पत्र (छायाप्रति),
स्नातकोत्तर अंकपत्र एवं प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो)
मूल सीएलसी (CLC)
टीसी (TC)
आवासीय प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो)
जाति प्रमाण-पत्र (आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों हेतु)
ईडब्ल्यूएस (EWS) प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो)
दिव्यांग प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो)
अन्य आरक्षण/कोटा से संबंधित प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो)
हाल के 4 पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटोग्राफ एवं
एफिडेविट।

