शिवहर:(सुरज ठाकुर)। जिले के तरियानी छपरा थाना क्षेत्र के तरियानी छपरा गांव स्थित सिरहा टोला में सोमवार को शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने कुछ ही देर में भयावह रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आने के बाद एक घर में रखा रसोई गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे आग तेजी से आसपास के घरों में फैल गई। इस दर्दनाक हादसे में छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि आठ परिवारों के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग में नकदी, अनाज, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर समेत लाखों रुपये की संपत्ति स्वाहा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सबसे पहले एक घर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। ग्रामीण आग बुझाने का प्रयास कर ही रहे थे कि अचानक घर में रखा गैस सिलेंडर विस्फोट कर गया। धमाके के बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते कई घर इसकी चपेट में आ गए। चारों ओर धुआं, आग की ऊंची लपटें और लोगों की चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा। ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित बाहर निकाला तथा तुरंत अग्निशमन विभाग और प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों और अग्निशमन कर्मियों के संयुक्त प्रयास से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक आठ घर पूरी तरह जल चुके थे और परिवारों की वर्षों की जमा-पूंजी राख में बदल चुकी थी।
अगलगी की घटना में छह लोग झुलसे, दो को एसकेएमसीएच रेफर,हादसे में गंभीर रूप से झुलसे शिवम दास (पिता–संजय दास) एवं पिंकी देवी (पति–पवन दास) को बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच रेफर किया गया है। वहीं बुधन सहनी (पिता–गगन देव सहनी), कामिनी देवी (पति–नरेश सहनी), रानी कुमारी (पति–प्रयाज्ञ सहनी), मनजीत कुमार (पिता–बतहु दास), रंजय कुमार (पिता–सुकन दास) तथा गीता देवी (पति–बिंदा दास) का इलाज सदर अस्पताल, शिवहर में चल रहा है।
आज की चपेट में आने से आठ परिवारों का उजड़ गया आशियाना
इस भीषण अग्निकांड में उमेश दास (पिता–स्व. रामचंद्र दास), लखविंदर दास (पिता–उमेश दास), अर्जुन दास (पिता–उमेश दास), बिरमल दास (पिता–उमेश दास), जय मंगल दास (पिता–उमेश दास), इंद्रजीत दास (पिता–उमेश दास), प्रेम दास (पिता–बिंदा दास) तथा पवन दास (पिता–बिंदा दास) के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग में घरों में रखा नकद, अनाज, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर और अन्य जरूरी सामान भी जलकर नष्ट हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुशील कुमार तथा तरियानी अंचल अधिकारी कुमार रोहित घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।
अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। आग लगने के बाद गैस सिलेंडर विस्फोट होने से स्थिति और भयावह हो गई। हादसे में छह लोग गंभीर रूप से झुलसे हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं आठ घर पूरी तरह जल गए हैं। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन कराया जा रहा है तथा सभी प्रभावित परिवारों को सरकारी सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वही अंचल अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और लगातार नजर बनाए हुए हैं।
तरियानी छपरा पंचायत के सरपंच अखिलेश सिंह ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेहद हृदयविदारक हादसा है। छह लोग गंभीर रूप से घायल हैं और आठ गरीब परिवारों का पूरा आशियाना उजड़ गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सभी प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत सामग्री, आर्थिक सहायता और सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे दोबारा अपना जीवन शुरू कर सकें। घटना के बाद सिरहा टोला में मातम का माहौल है। प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं, जबकि प्रशासन राहत एवं पुनर्वास कार्य में जुटा हुआ है।

