स्थानीय

दरभंगा : UPSC परीक्षा में सफलता नहीं मिलने से निराश 25 वर्षीय युवक ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

दरभंगा (सूरज ठाकुर) : बेता थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा की तैयारी कर रहा था और अब तक तीन प्रयास कर चुका था। बताया जा रहा है कि उसे अपेक्षित सफलता नहीं मिलने से वह मानसिक रूप से परेशान था।

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें युवक ने परीक्षा में मनचाहा परिणाम नहीं मिलने के कारण यह कदम उठाने की बात लिखी है। फिलहाल सुसाइड नोट की सत्यता और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

परिजनों का कहना है कि युवक सामान्य व्यवहार कर रहा था और घर में किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं थी। उसके इस कदम से पूरा परिवार सदमे में है।

जानकारी के अनुसार, युवक एक लाइब्रेरी भी संचालित करता था और विश्वविद्यालय में व्याख्यान (लेक्चर) देने से भी जुड़ा हुआ था। उसकी असमय मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *