अन्य

अतिहर में नए डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग हुई तेज,विधायक राजेश कुमार उर्फ ईश्वर मंडल ने उच्च शिक्षा मंत्री एवं सचिव को सौंपा मांग पत्र

दरभंगा। दरभंगा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश कुमार उर्फ ईश्वर मंडल ने उच्च शिक्षा विभाग के मंत्री संजय सिंह ‘टाइगर’ एवं विभाग के सचिव राजीव रौशन से शिष्टाचार मुलाकात कर दरभंगा सदर प्रखंड के अतिहर पंचायत स्थित अतिहर गांव में एक नए डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर मांग पत्र सौंपा हैं। श्री मंडल ने मांग पत्र में कहा दरभंगा सदर प्रखंड में कुल 23 पंचायतें हैं, जिनमें 13 पंचायतें दरभंगा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र तथा 8 पंचायतें दरभंगा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती हैं। इतने बड़े क्षेत्र में आज तक एक भी सरकारी डिग्री कॉलेज की स्थापना नहीं हो सकी है, जिससे हजारों छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।

उन्होंने कहा सदर प्रखंड की लगभग 15 पंचायतों में महादलित, अतिपिछड़ा, अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्ग की आबादी अधिक है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के अनेक छात्र छात्राएं संसाधनों के अभाव में उच्च शिक्षा प्राप्त करने से वंचित रह जाते हैं। विधायक ने यह भी अवगत कराया अतिहर पंचायत के अतिहर गांव में डिग्री कॉलेज के निर्माण हेतु पर्याप्त सरकारी भूमि उपलब्ध है, जिससे बिना किसी भूमि संबंधी बाधा के कॉलेज की स्थापना की जा सकती है।

उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह ‘टाइगर’ एवं विभागीय सचिव राजीव रौशन ने विधायक द्वारा प्रस्तुत मांग पत्र पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। श्री मंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार इस जनहितकारी मांग को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र ही अतिहर में नए डिग्री कॉलेज की स्थापना का निर्णय लेगी, जिससे दरभंगा सदर प्रखंड के हजारों विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *