खेल

विमेंस टी20 वर्ल्ड कप: बेथ मूनी का तूफानी अर्धशतक, वेस्टइंडीज को 8 विकेट से रौंदकर फाइनल में ऑस्ट्रेलिया

डेस्क:लंदन। विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल-1 में ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 8 विकेट से जीत दर्ज की। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया ने 8वीं बार खिताबी मुकाबले में जगह बना ली है, जहां रविवार को उसका सामना सेमीफाइनल-2 की विजेता से होगा। मंगलवार को केनिंग्टन ओवल में खेले गए मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने 7 विकेट खोकर सिर्फ 125 रन बनाए। कप्तान हेली मैथ्यूज ने किआना जोसेफ (16) के साथ पहले विकेट के लिए 49 गेंदों में 47 रन जुटाए। मैथ्यूज 28 गेंदों में 5 चौकों के साथ 30 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जिसके बाद शेमेन कैंपबेल बल्लेबाजी के लिए उतरीं, लेकिन दूसरे छोर पर किसी ने उनका साथ नहीं दिया। कैंपबेल ने छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए टीम को 15.3 ओवरों में 83/6 के स्कोर तक पहुंचाया।
कैंपबेल 25 गेंदों में 3 चौकों के साथ 22 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। यहां से डिएंड्रा डॉटिन ने जनिलेया ग्लासगो के साथ सातवें विकेट के लिए 27 गेंदों में 42 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 125/7 के स्कोर तक पहुंचाया। ग्लासगो ने 15 रन की पारी खेली, जबकि डॉटिन 16 गेंदों में 4 चौकों के साथ 26 रन बनाकर नाबाद रहीं। मैच शुरू होने से पहले डिएंड्रा साथी खिलाड़ियों की मदद से मैदान से बाहर जाती नजर आई थीं। करीब 30 मिनट मेडिकल रूप में उनका उपचार हुआ, जिसके बाद वह आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरी थीं।
विपक्षी खेमे से सोफी मोलिनक्स, एशले गार्डनर और जॉर्जिया वेयरहैम को 2-2 विकेट हाथ लगे, जबकि एनाबेल सदरलैंड ने 1 विकेट हासिल किया।
इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 13 ओवरों में जीत हासिल कर ली। जॉर्जिया वोल ने बेथ मूनी के साथ पहले विकेट के लिए 29 रन जुटाए। जॉर्जिया 11 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 16 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद टीम ने 43 के स्कोर पर फोएबे लिचफील्ड (4) का विकेट भी गंवा दिया।
यहां से बेथ मूनी ने एलिस पेरी के साथ 21 रन की साझेदारी की। पेरी (2) रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौटीं, जिसके बाद मूनी ने एश्ले गार्डनर के साथ 36 गेंदों में 63 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई। मूनी 36 गेंदों में 8 चौकों के साथ 61 रन बनाकर नाबाद रहीं। गार्डनर ने 20 गेंदों में 5 बाउंड्री के साथ नाबाद 35 रन बनाए। वेस्टइंडीज की तरफ से चिनेल हेनरी और हेली मैथ्यूज ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *