बिहार

बिहार : शादी कराने का झांसा देकर 8 माह के मासूम का कराया अपहरण, पुलिस ने सकुशल बरामद किया

डेस्क:बिहार शरीफ । बिहार के नालंदा जिले में आठ माह के एक मासूम के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है और मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक महिला ने आरोपी युवक को शादी का झांसा देकर बच्चे का अपहरण करने के लिए उकसाया था। राजगीर के डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने मंगलवार को बताया कि छबिलापुर थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव निवासी महेश मांझी का आठ माह का पुत्र जनसुराज मांझी 26 जून की रात करीब एक बजे घर के बाहर माता-पिता के साथ सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति मासूम को उठाकर फरार हो गया। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद महेश मांझी के आवेदन पर छबिलापुर थाना में इससे सम्बंधित एक मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, नालंदा के निर्देश पर राजगीर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में कंचनपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार (30) और मिन्टू देवी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
डीएसपी ने बताया कि धर्मेंद्र कुमार की निशानदेही पर अपहृत मासूम को बरामद किया गया। जांच में यह भी सामने आया है कि मिन्टू देवी ने धर्मेंद्र कुमार को शादी कराने का भरोसा दिया था। इसके बदले उसने शर्त रखी कि वह किसी घर से एक बच्चा उठाकर उसे सौंपे। इसी योजना के तहत मासूम जनसुराज का अपहरण किया गया था।
पुलिस के अनुसार, अपहरण के बाद बच्चे को मिन्टू देवी के माध्यम से एक परिवार तक पहुंचाने की तैयारी थी। हालांकि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर पूरी साजिश को विफल कर दिया। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा बच्चे को जिस परिवार तक पहुंचाया जाना था, उसकी भूमिका क्या थी। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *