अन्य

मोदी कैबिनेट में जल्द बड़ा फेरबदल? गडकरी, निर्मला और धर्मेंद्र प्रधान के विभाग बदलने की चर्चा

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में जल्द ही बड़े कैबिनेट फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सरकार अगले कुछ दिनों में मंत्रिमंडल का विस्तार और विभागों का पुनर्गठन कर सकती है। हालांकि, सरकार या भाजपा की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

सूत्रों के हवाले से सामने आ रही खबरों के अनुसार, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का मंत्रालय बदला जा सकता है। वहीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर के विभागों में भी फेरबदल की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि सरकार आगामी चुनावों और नए राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव कर सकती है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैबिनेट विस्तार में पंजाब और सिख समुदाय को अधिक प्रतिनिधित्व दिए जाने पर भी विचार किया जा रहा है। इसके अलावा गठबंधन सहयोगियों को साधने के लिए महाराष्ट्र, बिहार और पश्चिम बंगाल से कुछ नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की चर्चा है। महाराष्ट्र से सांसद श्रीकांत शिंदे और बिहार से जेडीयू के प्रतिनिधि को जगह मिलने की अटकलें हैं। कुछ रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं या उनकी पार्टी के किसी वरिष्ठ नेता को केंद्र सरकार में शामिल किया जा सकता है।

इस बीच, भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर शक्तिकांत दास को भी केंद्र सरकार में बड़ी जिम्मेदारी मिलने की चर्चाएं हैं। हालांकि इन सभी संभावित बदलावों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में कैबिनेट फेरबदल से जुड़ी सभी खबरें फिलहाल राजनीतिक चर्चाओं और मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित हैं।

आशुतोष झा

One Reply to “मोदी कैबिनेट में जल्द बड़ा फेरबदल? गडकरी, निर्मला और धर्मेंद्र प्रधान के विभाग बदलने की चर्चा

  1. नीतीश कुमार भारत सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं, सीतारमण की जगह रिज़र्व बैंक के पूर्व गवर्नर को साथ ही सीतारमण जी को शिक्षा मंत्री बना सकता हैं! नितीन गडकरी जी पेट्रोलियम एवं गैस मंत्रालय मिल सकता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *