भोपाल: मध्य प्रदेश के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सरकारी अधिकारियों और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को लेकर बड़ा बयान दिया है। भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार बनने के बाद कई अधिकारी खुद को संघ से जुड़ा बताने लगे हैं।
विजयवर्गीय ने कहा कि पहले कभी किसी अधिकारी ने यह नहीं बताया कि वह शाखा में जाता है, लेकिन सरकार बनने के बाद कई अधिकारी खुद को संघ का कार्यकर्ता या परिवार से जुड़ा बताने लगे। उन्होंने कहा कि कुछ अधिकारी तो यह तक बताते हैं कि उनके पिता संघ में पदाधिकारी थे।
उन्होंने संगठन की बढ़ती संख्या पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि “संगठन तो बढ़ रहा है, लेकिन अच्छे लोगों की कमी होती जा रही है। केवल विचारधारा बढ़ने से काम नहीं चलेगा, अच्छे इंसानों का होना भी ज़रूरी है।”
कैलाश विजयवर्गीय के इस बयान के बाद कांग्रेस ने बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार के कार्यकाल में प्रशासनिक तंत्र की निष्पक्षता प्रभावित हो रही है और अधिकारी वैचारिक पहचान दिखाने की होड़ में शामिल हैं।
हालांकि, बीजेपी की ओर से विजयवर्गीय के बयान पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजनीतिक गलियारों में इस बयान को लेकर नई बहस शुरू हो गई है, क्योंकि यह टिप्पणी खुद बीजेपी के वरिष्ठ मंत्री की ओर से आई है।
आशुतोष झा

