राष्ट्रीय

देहरादून में बीजेपी नेता की हत्या के बाद गरमाया माहौल, गुस्साई भीड़ ने फूंके घर और गाड़ियां, आरोपी का घर जमींदोज

डेस्क:उत्तराखंड के देहरादून जिले के सहसपुर पुलिस स्टेशन इलाके के बैरागीवाला गांव में शनिवार देर शाम पानी को लेकर हुए झगड़े ने खूनी मोड़ ले लिया। सिंचाई के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते सांप्रदायिक हिंसा में बदल गई। इस हिंसक झड़प में भारतीय जनता युवा मोर्चा के एक स्थानीय नेता की मौत हो गई। इस घटना के बाद से ही पूरे इलाके में भारी तनाव बना हुआ है। गुस्साई भीड़ ने की आगजनी और तोड़फोड़
बीजेपी नेता की हत्या की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों के घरों को निशाना बनाया और जमकर पथराव किया। इसके बाद भीड़ ने एक आरोपी के घर और वहां खड़े कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। मौके पर भारी संख्या में लोग जमा हो गए और कुछ अन्य जगहों पर भी तोड़फोड़ और आगजनी की खबरें सामने आईं, जिससे माहौल और ज्यादा बिगड़ गया। आरोपी के घर पर चला बुलडोजर
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और हालात को काबू में करने की कोशिश शुरू की। हत्या की इस खौफनाक वारदात के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में आरोपी के घर को ढहाने की कार्रवाई की जा रही है। 3 नामजद और 25 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज, पुलिस बल तैनात
पुलिस ने इस पूरी हिंसा और हत्या के मामले में तत्परता दिखाते हुए तीन नामजद आरोपियों और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव में दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो और स्थिति नियंत्रण में रहे, इसके लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। आला अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *