राष्ट्रीय

मंत्री अमित शाह ने की सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा, बनाया गया अभेद्य सुरक्षा घेरा, घाटी से लेकर पहाड़ों तक हाई अलर्ट

डेस्क:अमरनाथ यात्रा को लेकर केंद्र सरकार इस बार पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। यात्रा के दौरान सुरक्षा, निगरानी और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में एक अहम समीक्षा बैठक हुई, जिसमें जम्मू-कश्मीर प्रशासन, केंद्रीय सुरक्षा बलों, खुफिया एजेंसियों और कई मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में साफ संदेश दिया गया कि यात्रा के दौरान सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर विभाग मिलकर समन्वय के साथ काम करेगा। गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने सभी सुरक्षा और नागरिक एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए कि विभागीय तालमेल में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए। हम आपको बता दें कि इस बार यात्रा केवल पारंपरिक सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आधुनिक तकनीक, त्वरित खुफिया समन्वय और जमीनी निगरानी के संयुक्त ढांचे पर आधारित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *