डेस्क:भारत ने रक्षा क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक और अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल की है। रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को घोषणा की कि भारत दुनिया के उन चुनिंदा महाशक्तियों के विशिष्ट समूह में शामिल हो गया है, जिनके पास लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों और एंटी-शिप खतरों को हवा में ही नेस्तनाबूद करने की अचूक मल्टी-लेयर्ड (कई स्तरों वाली) सुरक्षा प्रणाली है। भारत ने महज दो दिनों के भीतर लगातार तीन सफल उड़ान परीक्षण (Flight Tests) कर अपनी इस आसमानी दीवार की ताकत को दुनिया के सामने प्रदर्शित किया है। वरिष्ठ रक्षा अधिकारियों और रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) के अधिकारियों की मौजूदगी में 10 और 11 जून को किए गए इन परीक्षणों की सफलता भारत की रक्षा क्षमताओं को और मज़बूत करेगी, क्योंकि अब देश के पास मल्टी-लेयर्ड बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस (BMD) क्षमता है। भारत ने अपनी नौसेना की एंटी-शिप मिसाइल-मीडियम रेंज (NASM-MR) का भी सफलतापूर्वक परीक्षण किया है।

