
दरभंगा। दरभंगा ग्रामीण के विधायक सह जदयू जिलाध्यक्ष राजेश कुमार उर्फ ईश्वर मंडल ने ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति को एक महत्वपूर्ण पत्र सौंपकर विश्वविद्यालय परिसर में व्याप्त विभिन्न जनसुविधा संबंधी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग किया।
विधायक ने अपने ज्ञापन में कहा विश्वविद्यालय परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक,शिक्षक कर्मचारी,पर्यटक,मॉर्निंग वॉकर आते हैं। बावजूद इसके परिसर में कई बुनियादी सुविधाओं का अभाव है, जिससे लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। श्री मंडल ने नरगोना परिसर में तीन से चार शौचालयों का निर्माण,आमजन एवं आगंतुकों के लिए विभिन्न स्थानों पर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, कुलपति आवास के समीप स्थित विभागीय भवन के पीछे के दोनों पार्कों को आम लोगों के लिए खोलने,मॉर्निंग वॉकरों की सुविधा हेतु प्रतिदिन प्रातः 5 बजे विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार खोलने,नगर निगम क्षेत्र के लोगों के आवागमन एवं मॉर्निंग वॉक की सुविधा के लिए कंकाली मंदिर गेट, चौरंगी गेट, सिपाही लेन गेट को सुबह 5 बजे खोलने, डॉ. नागेन्द्र झा स्टेडियम, इंस्टीट्यूट के सामने स्थित इन्द्रभवन मैदान का स्थानीय स्तर पर अतिशीघ्र सुदृढ़ कराने की मांग की हैं। विश्वविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि हजारों लोगों के दैनिक जीवन,सामाजिक गतिविधियों का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कुलपति से जनहित को ध्यान में रखते हुए सभी मांगों पर सकारात्मक विचार कर शीघ्र कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
