
दरभंगा। दरभंगा सदर प्रखंड मुख्य मार्ग स्थित जनसमस्याओं के स्थायी समाधान की मांग को लेकर वरिष्ठ समाजसेवी एवं राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य प्रेमचंद यादव उर्फ भोलू यादव की अध्यक्षता में चल रही अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल दूसरे दिन सोमवार को भी जारी रही। वर्षों से उपेक्षित बुनियादी समस्याओं, विशेषकर जलजमाव, सड़क, नाला निर्माण एवं सार्वजनिक सुविधाओं के अभाव को लेकर चल रहे इस आंदोलन को स्थानीय लोगों, विभिन्न सामाजिक-राजनीतिक हस्तियों का व्यापक समर्थन प्राप्त हो रहा है।
भूख हड़ताल के दूसरे दिन धरनास्थल पर प्रशासन की ओर से प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) एवं सदर थाना के थाना प्रभारी आंदोलनकारियों से वार्ता करने पहुंचे। आंदोलनकारियों ने क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं के स्थायी समाधान को लेकर अपनी मांगों को प्रमुखता से रखा। हालांकि,प्रशासन द्वारा संतोषजनक आश्वासन एवं ठोस कार्रवाई की स्पष्ट रूपरेखा प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण वार्ता सफल नहीं हो सकी और अंततः बातचीत असफल रही। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट कहा कि केवल मौखिक आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि जमीनी स्तर पर ठोस पहल प्रारंभ होने तक आंदोलन जारी रहेगा। भूख हड़ताल को समर्थन देने के लिए पहुंचे पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री मो अली अशरफ फातमी धरना स्थल बैठकर समर्थन किया और धरनार्थियों का हौसला अफजाई मनोबल बढ़ाया। उन्होंने प्रशासन एवं सरकार की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्न उठाते हुए कहा एक ओर स्मार्ट सिटी की बड़ी-बड़ी बातें की जाती हैं, दूसरी ओर शहर की बुनियादी स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है। जिस दरभंगा को मिथिलांचल की राजधानी कहा जाता है, वहां प्रखंड कार्यालय एवं सदर थाना के नजदीक वर्षों से जलजमाव की भयावह स्थिति बनी हुई है। सड़क, नाला जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, चिंताजनक है। उन्होंने कहा यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि आम जनमानस की उपेक्षा का प्रतीक है। यदि अविलंब ठोस पहल नहीं हुई तो जनता का आक्रोश और व्यापक रूप ग्रहण करेगा। सदर प्रखंड क्षेत्र में वर्षों से जलनिकासी व्यवस्था ध्वस्त है,जिसके कारण आम लोगों को आवागमन, स्वास्थ्य एवं दैनिक जीवन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से प्रखंड कार्यालय, सदर थाना, पासवान चौक, दोनार चौक तथा आसपास के क्षेत्रों में स्थायी जलजमाव स्थानीय प्रशासन की निष्क्रियता को उजागर करता है। प्रेमचंद यादव भोलू यादव ने कहा यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि जनहित एवं क्षेत्र के समग्र विकास के लिए है। जब तक प्रशासन द्वारा मांगों पर ठोस कार्रवाई प्रारंभ नहीं की जाती,तब तक अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रहेगी।
