कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर जारी घमासान अब संसद तक पहुंच गया है। पार्टी की वरिष्ठ सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने दावा किया है कि TMC के करीब 20 सांसदों ने NDA को समर्थन देने का फैसला कर लिया है और इस संबंध में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पत्र भी सौंप दिया गया है।
काकोली घोष ने कहा कि यह फैसला कई सांसदों के साथ चर्चा के बाद लिया गया। उनका कहना है कि पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों के बाद पार्टी के भीतर राजनीतिक दिशा को लेकर असंतोष बढ़ा है और सांसद अब NDA के साथ आगे बढ़ने को सही मान रहे हैं।
बताया जा रहा है कि फिलहाल ये सांसद सीधे तौर पर पार्टी छोड़ने के बजाय संसद में अलग गुट के रूप में काम करने की रणनीति बना रहे हैं। इससे TMC नेतृत्व पर दबाव और बढ़ गया है।
इस पूरे घटनाक्रम ने ममता बनर्जी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, क्योंकि हाल ही में राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर राय भी पार्टी और संसद से इस्तीफा दे चुके हैं। लगातार सामने आ रही बगावत की खबरों से TMC के भीतर गहरे मतभेद साफ दिखाई दे रहे हैं।
हालांकि, ममता बनर्जी या TMC नेतृत्व की तरफ से अभी तक इन दावों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन राजनीतिक जानकार इसे बंगाल की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत मान रहे हैं।
आशुतोष झा

